November 15, 2026

Udghosh Samay News

खबर जहां हम वहां

बिरहोरों की आबादी पर सरकारी आंकड़ों का विरोधाभास, विधानसभा में 733 तो RTI में 851 का दावा!

1 min read
Spread the love


धरमजयगढ़ में 118 की संख्या का अंतर, सिंवार (बरपाली )और चीखलापानी गांवों को सूची से बाहर रखने पर भी उठे सवाल

धरमजयगढ़ – 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर धरमजयगढ़ में प्रदेश स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस का भव्य आयोजन होने जा रहा है, जिसमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन भी शामिल होंगे। लेकिन इसी बीच क्षेत्र की विशेष पिछड़ी जनजाति बिरहोर समुदाय की जनसंख्या को लेकर सामने आए सरकारी आंकड़ों में बड़ा अंतर प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है।
विधानसभा सत्र 2025-26 में प्रश्न क्रमांक 2190 के जवाब में धरमजयगढ़ क्षेत्र की विशेष पिछड़ी जनजातियों की जनसंख्या 733 बताई गई, जबकि सूचना के अधिकार (RTI) से प्राप्त जानकारी में यह संख्या 851 दर्ज है। यानी दोनों सरकारी आंकड़ों में 118 का अंतर है। आखिर एक ही क्षेत्र की जनसंख्या के दो अलग-अलग आंकड़े कैसे सामने आए, यह स्पष्ट नहीं है।
मामले में गांवों की सूची को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। बरतापाली का उल्लेख सूची में है, जबकि स्थानीय जानकारी के अनुसार सिंवार और चीखलापानी में भी बिरहोर परिवार निवासरत हैं। ऐसे में इन गांवों को संबंधित सूची में शामिल नहीं किए जाने का आधार क्या है, यह जांच का विषय है।
जनजातीय गौरव दिवस के आयोजन के बीच यह विसंगति विशेष महत्व रखती है। जिस बिरहोर समुदाय के संरक्षण और विकास के लिए सरकारें विशेष योजनाएं संचालित करती हैं, उसकी वास्तविक जनसंख्या ही सरकारी दस्तावेजों में स्पष्ट नहीं होना चिंता का विषय है।
अब जिला प्रशासन और आदिम जाति कल्याण विभाग से अपेक्षा है कि विधानसभा में दिए गए जवाब और RTI से प्राप्त आंकड़ों का मिलान कर निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा बिरहोर परिवारों का वास्तविक सर्वेक्षण कर सही संख्या सार्वजनिक की जाए। जनजातीय गौरव की बात तभी सार्थक होगी, जब जनजातीय समाज की वास्तविक पहचान और उसके अधिकारों का सरकारी अभिलेखों में भी पूरा सम्मान सुनिश्चित हो।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[join_button]
WhatsApp