October 22, 2026

Udghosh Samay News

खबर जहां हम वहां

सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का सिर्फ कागजी निराकरण नहीं, असली समाधान सुनिश्चित करें: कलेक्टर जन्मेजय महोबे!

1 min read
Spread the love

जांजगीर-चांपा। कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने मंगलवार को साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक लेकर सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों, आगामी राज्योत्सव की तैयारियों, जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति और धान खरीदी की तैयारियों की सघन समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आम नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता से वास्तविक समाधान किया जाए और शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक बिना लापरवाही पहुंचे।

सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि शिकायतों का निराकरण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे। शिकायत बंद करने से पहले यह सुनिश्चित किया जाए कि नागरिक की समस्या वास्तव में दूर हो गई है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निराकरण के बाद स्वयं शिकायतकर्ता से बात कर उनकी संतुष्टि की जानकारी लें। कलेक्टर ने जोर देते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण निराकरण ही सबसे महत्वपूर्ण है।

2 नवंबर को छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर “सशक्त नारी, युवा उड़ान” थीम पर जिला स्तरीय राज्योत्सव कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कलेक्टर ने इसकी तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को विभागीय स्टॉल लगाने, सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारी समय पर पूर्ण करने तथा मंच, पेयजल, बैठक व्यवस्था, विद्युत व्यवस्था, आवागमन और पार्किंग जैसी सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने 1 से 3 नवंबर तक रात्रि के समय सभी शासकीय भवनों पर रोशनी करने का भी निर्देश दिया।

आगामी धान खरीदी को लेकर कलेक्टर ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने खरीदी केंद्रों में बारदाना, तौल कांटा, नमी मापक यंत्र सहित सभी संसाधनों की उपलब्धता तथा पेयजल, छाया जैसी मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। प्रक्रिया सुव्यवस्थित, पारदर्शी और सुचारू हो तथा किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ समय रहते तैयारियां पूर्ण करें।

कलेक्टर ने सभी एसडीएम, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदारों से पीवी ऐप में धान वाले खसरों के पॉलीगॉन निर्माण की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने प्रत्येक ग्राम में अधिक से अधिक सर्वेयर नियुक्त करने तथा उन खसरों की किसानवार सूची (मोबाइल नंबर सहित) का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए, जहां डिजिटल क्रॉप सर्वे नहीं हुआ है। शेष डिजिटल क्रॉप सर्वे का कार्य शीघ्र पूरा करने को भी कहा गया।

बैठक में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री आवास योजना, समाज कल्याण विभाग की पेंशन योजनाएं, राशनकार्ड, चावल महोत्सव और मिशन अमृत की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने और पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभान्वित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिकतम पात्र लोगों तक पहुंचे और क्रियान्वयन में आने वाली समस्याओं का समय-सीमा में निराकरण हो।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री विनय कुमार पोयाम, अपर कलेक्टर श्रीमती स्निग्धा तिवारी, अपर कलेक्टर श्री प्रमोद कुमार गुप्ता, संयुक्त कलेक्टर श्री संदीप ठाकुर सहित जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[join_button]
WhatsApp