पंचायतीराज चुनाव-2026 : फॉर्म-6 के लक्ष्य पूरे कराने के लिए बीएलओ की रोजाना मॉनिटरिंग करें : जिला निर्वाचन अधिकारी
1 min read

नामांकन के आगामी दो दिनों में संभावित भीड़ को देखते हुए पुलिस जाब्ता बढ़ाने, मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं और निर्बाध रोशनी सुनिश्चित करने के निर्देश
डीग, 21 अक्टूबर। जिला निर्वाचन अधिकारी मयंक मनीष ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समस्त रिटर्निंग अधिकारियों (आरओ), सहायक रिटर्निंग अधिकारियों (एआरओ) सहित अन्य अधिकारियों की बैठक लेकर मतदाता पंजीकरण, नामांकन प्रक्रिया तथा मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी देवेंद्र परमार मौजूद रहे। डीग के अधिकारी बैठक में उपस्थित हुए, जबकि अन्य क्षेत्रों के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जुड़े।जिला निर्वाचन अधिकारी ने फॉर्म-6 के माध्यम से नए मतदाताओं के पंजीकरण के लक्ष्य को समय पर पूरा कराने के निर्देश देते हुए कहा कि सुपरवाइजर एवं बूथ लेवल अधिकारियों के कार्यों की प्रतिदिन सुबह और शाम मॉनिटरिंग की जाए। शाला दर्पण से प्राप्त डाटा के आधार पर पात्र लोगों के फॉर्म-6 भरवाने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि स्थानीय बीएलओ अपने क्षेत्र के लोगों से परिचित हैं, इसलिए वे घर-घर जाकर पात्र व्यक्तियों से संपर्क करें और फॉर्म भरवाने के साथ उनके संग्रहण एवं ऑनलाइन अपलोडिंग की प्रक्रिया भी सुनिश्चित करें। ग्राम पंचायतों और नगर पालिका क्षेत्रों में इस कार्य को प्राथमिकता से पूरा कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति बढ़ाने पर भी जोर दिया।जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि आगामी दो दिनों में नामांकन के लिए अधिक अभ्यर्थियों के आने की संभावना है। इसे देखते हुए नामांकन केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस जाब्ता तैनात किया जाए, आवश्यकता के अनुसार टीमों की संख्या बढ़ाई जाए तथा लगातार उद्घोषणा के माध्यम से अभ्यर्थियों को नामांकन प्रक्रिया और निर्धारित समय के बारे में जानकारी दी जाए। उन्होंने बताया कि नामांकन प्रस्तुत करने का समय सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक है। इससे पूर्व उन्होंने नामांकन कार्य में लगे कार्मिकों की बैठक लेकर निर्वाचन आयोग के निर्देशों की पालना करते हुए नामांकन प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।बैठक में मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी आरओ एवं एआरओ को अपने-अपने क्षेत्र के प्रत्येक मतदान केंद्र का निरीक्षण करने को कहा। उन्होंने रैंप, छाया, पेयजल, शौचालय, चारदीवारी, प्रकाश व्यवस्था और जनरेटर जैसी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनरेटर संचालन के लिए विशेष ड्यूटी लगाने पर जोर देते हुए कहा कि रात्रि में भी निर्बाध रोशनी की व्यवस्था बनी रहनी चाहिए।उन्होंने मतदान केंद्रों के आसपास पड़े पत्थर, गिट्टी एवं अन्य अवरोध हटवाने तथा भूसा, उपले जैसी ज्वलनशील वस्तुओं के संबंध में विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए। मतदान केंद्रों के 100 से 200 मीटर के दायरे में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, पोलिंग पार्टियों के ठहरने की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा फील्ड में तैनात कार्मिकों की नियमित निगरानी एवं फॉलोअप करने को भी कहा। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन तैयारियों की निरंतर समीक्षा करते हुए व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
⁴
Subscribe to my channel