तहसीलदार अमरनाथ श्याम के निरीक्षण में चण्डीपारा में डिजिटल क्रॉप सर्वे सूची का सार्वजनिक प्रकाशन, किसानों को मिला आपत्ति दर्ज कराने का अवसर!
1 min read
जांजगीर-चांपा। ग्राम पंचायत चण्डीपारा में डिजिटल क्रॉप सर्वे एवं पीवी ऐप के माध्यम से दर्ज फसल प्रविष्टियों की किसानवार एवं खसरावार सूची का सार्वजनिक प्रकाशन किया गया। इस दौरान अधिकारियों की मौजूदगी में सूची का वाचन एवं अवलोकन कराकर सर्वे प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित की गई।
कार्यक्रम का निरीक्षण करने तहसीलदार पामगढ़ अमरनाथ श्याम, नायब तहसीलदार अभिषेक यादव एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत पामगढ़ मणिशंकर कौशिक मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने पूरी प्रक्रिया का बारीकी से अवलोकन किया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत चण्डीपारा के सरपंच तोषित रात्रे, उपसरपंच रमेश यादव, पंचायत सचिव उमेंदराम दिनकर, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी प्रेम कुर्रे, पटवारी हर्षवर्धन यादव, सामाजिक कार्यकर्ता रानु, पंचगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण किसान उपस्थित रहे।
प्रकाशित सूची में बाजरा, ज्वार, मक्का, धान, उड़द, मूंग, तिल, सरसों एवं गेहूं सहित विभिन्न फसलों की प्रविष्टियां शामिल की गई हैं। किसानों को अपनी भूमि एवं खसरा नंबर के अनुसार दर्ज फसल विवरण का मिलान करने का अवसर दिया गया। साथ ही किसी भी प्रकार की त्रुटि या आपत्ति होने पर नियमानुसार दावा प्रस्तुत कर सुधार कराने की जानकारी दी गई।
ग्राम सभा के दौरान पंचों एवं सदस्यों के समक्ष सूची का सार्वजनिक वाचन किया गया। उपस्थित पंचों एवं ग्राम सभा सदस्यों ने पंचनामा पढ़कर-सुनकर सही पाया तथा हस्ताक्षर कर इसकी पुष्टि की।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि डिजिटल क्रॉप सर्वे में दर्ज जानकारी का सही होना अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसलिए किसान प्रकाशित सूची का सावधानीपूर्वक अवलोकन करें और यदि किसी प्रकार की गलती दिखाई देती है तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत दावा-आपत्ति प्रस्तुत करें।
ग्रामीण किसानों ने अधिकारियों की उपस्थिति में सूची के सार्वजनिक प्रकाशन एवं निरीक्षण की सराहना की। किसानों का कहना है कि इस तरह की खुली प्रक्रिया से सर्वे कार्य में पारदर्शिता बढ़ेगी तथा फसल प्रविष्टियों में संभावित त्रुटियों को समय रहते सुधारने का अवसर मिलेगा।
Subscribe to my channel