September 17, 2026

Udghosh Samay News

खबर जहां हम वहां

सीसी रोड की गुणवत्ता पर उठे सवाल, भाजपा पार्षद ने कलेक्टर से की जांच और कार्रवाई की मांग

1 min read
Spread the love

जांजगीर-चांपा/अकलतरा, 17 सितंबर 2026। नगर पंचायत नरियरा के वार्ड क्रमांक 04 एवं 09 में निर्मित सीसी रोड की गुणवत्ता को लेकर भाजपा पार्षद शशीदास महंत ने कलेक्टर जांजगीर-चांपा को लिखित शिकायत सौंपकर मामले की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष तकनीकी जांच कराने की मांग की है।

कलेक्टर को दिए गए शिकायत पत्र में पार्षद ने उल्लेख किया है कि उक्त सीसी रोड के निर्माण कार्य में पूर्व में ही गुणवत्ता को लेकर शिकायत की गई थी। शिकायत के बाद सड़क की मरम्मत किए जाने की बात कही गई, लेकिन पार्षद का आरोप है कि मरम्मत कार्य में भी गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया तथा केवल लीपापोती कर कार्य पूर्ण दर्शाते हुए भुगतान राशि निकालने की जानकारी सामने आई है।

शिकायतकर्ता ने आशंका जताई है कि यदि आरोपों की जांच होती है तो निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितता सामने आ सकती है। उन्होंने मामले में संबंधित निर्माण कार्य की गुणवत्ता, माप पुस्तिका (एमबी), बिल-वाउचर, भुगतान तथा राशि निकासी सहित संपूर्ण अभिलेखों की जांच कराने की मांग की है।

जांच में अनियमितता मिले तो कार्रवाई की मांग:

भाजपा पार्षद ने कलेक्टर से मांग की है कि प्रकरण की स्वतंत्र तकनीकी जांच कराई जाए और यदि जांच में अनियमितता अथवा भ्रष्टाचार पाया जाता है तो संबंधित अधिकारी-कर्मचारी एवं ठेकेदार के विरुद्ध नियमानुसार दंडात्मक एवं वसूली की कार्रवाई की जाए। साथ ही दोषपूर्ण सड़क की नियमानुसार पुनः गुणवत्तापूर्ण मरम्मत कराने की मांग भी की गई है।

शिकायत पत्र में यह भी कहा गया है कि यदि शिकायत पर उचित एवं समयबद्ध कार्रवाई नहीं होती है, तो सभी भाजपा पार्षद जनहित में लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी संबंधित प्रशासन की होगी।

कई अधिकारियों को भेजी शिकायत की प्रतिलिपि:

शिकायत की प्रतिलिपि उपमुख्यमंत्री अरुण साव, खनिज विकास निगम के अध्यक्ष सौरभ सिंह तथा अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अकलतरा सुमित बघेल सहित संबंधित जनप्रतिनिधियों/अधिकारियों को भी भेजी गई है।

अब देखना होगा कि कलेक्टर स्तर से शिकायत पर क्या जांच कराई जाती है और जांच के बाद सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्य की वास्तविक स्थिति क्या सामने आती है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[join_button]
WhatsApp