SBI शाखा प्रबंधक पर जातिसूचक शब्द बोलने और धमकी देने का आरोप, मानवाधिकार ट्रस्ट ने थाने में दी शिकायत
1 min read
जांजगीर-चांपा/पामगढ़, 18 सितंबर 2026। भारतीय स्टेट बैंक की पामगढ़ शाखा में एक व्यक्ति के साथ कथित अभद्र व्यवहार और जातिसूचक शब्दों के प्रयोग का मामला सामने आया है। मामले को लेकर भारतीय मानवाधिकार ट्रस्ट, छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष सरयू प्रसाद पूरे ने पामगढ़ थाना प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपते हुए शाखा प्रबंधक के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत के अनुसार, सरयू प्रसाद पूरे 17 सितंबर 2026 को लगभग 12:30 बजे भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में सोलर पैनल लोन से संबंधित कार्य के लिए पहुंचे थे। उनका आरोप है कि वहां कार्यरत शाखा प्रबंधक जितेंद्र कुमार ने उनके साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि जब उन्होंने अपने काम के संबंध में शाखा प्रबंधक से निवेदन किया, तो उनके प्रति जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए कथित रूप से गाली-गलौज और धमकी दी गई। शिकायत में यह भी कहा गया है कि शाखा प्रबंधक ने कथित तौर पर स्पष्ट रूप से कहा कि वह उनका काम नहीं करेंगे।
फाइल हाथ से छीनने और बैंक से बाहर निकालने का आरोप:
शिकायत में आगे आरोप लगाया गया है कि बैंक कर्मचारी द्वारा शिकायतकर्ता की फाइल उनके हाथ से ले ली गई और उन्हें कथित तौर पर जबरन बैंक परिसर से बाहर निकाल दिया गया। शिकायतकर्ता ने इस पूरे व्यवहार को बैंकिंग सेवा से जुड़े विवाद के साथ-साथ गंभीर सामाजिक एवं कानूनी मामला बताते हुए कार्रवाई की मांग की है।
सरयू प्रसाद पूरे ने पामगढ़ थाना प्रभारी से मामले की जांच कर भारतीय स्टेट बैंक शाखा प्रबंधक के विरुद्ध उचित कानूनी एवं अनुशासनात्मक कार्रवाई किए जाने का अनुरोध किया है।
Subscribe to my channel