August 30, 2026

Udghosh Samay News

खबर जहां हम वहां

करोड़ों के टेंडर से नहीं, गुणवत्तापूर्ण निर्माण से तय होगा विकास का पैमाना : संतोष प्रधान

1 min read
Spread the love

नगर पंचायत धरमजयगढ़ के कार्यों पर कांग्रेस की पैनी नजर गुणवत्ता से समझौता हुआ तो सड़कों पर उतरने की चेतावनी

धरमजयगढ़ – नगर पंचायत धरमजयगढ़ क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए करोड़ों रुपये के टेंडर जारी होने का मंडल कांग्रेस ने स्वागत किया है, लेकिन इसके साथ ही निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और पारदर्शिता को लेकर कांग्रेस ने स्पष्ट चेतावनी भी दी है। मंडल कांग्रेस अध्यक्ष संतोष प्रधान ने कहा कि बड़ी राशि का टेंडर लगना अथवा बड़े-बड़े निर्माण कार्य स्वीकृत होना मात्र विकास का पैमाना नहीं हो सकता। असली विकास तब माना जाएगा, जब कार्य स्वीकृत प्राक्कलन, निर्धारित तकनीकी मापदंड और उच्च गुणवत्ता के साथ धरातल पर दिखाई दे। उन्होंने कहा कि पूर्व में भी जो विकास कार्यों के कार्य सिर्फ कागजों में कराये गये हैं, वे धरातल पर कहीं नजर नहीं आते, नगर के विकास के लिए शासन द्वारा करोड़ों रुपये उपलब्ध कराए जा रहे हैं, यह स्वागत योग्य पहल है। लेकिन जनता के पैसे से होने वाले प्रत्येक निर्माण कार्य में यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि जिस कार्य के लिए जितनी राशि स्वीकृत हुई है, उसका उसी उद्देश्य और निर्धारित स्थान पर ही उपयोग हो। प्राक्कलन के अनुरूप सामग्री और निर्माण की गुणवत्ता और राशि का सही उपयोग सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी स्तर पर मनमानी की गुंजाइश न रहे।


उन्होंने पूर्व में नगर में कराए गए विद्युत पोल विस्तार कार्य का उदाहरण देते हुए कहा कि जहां कार्य कराया जाना प्रस्तावित था, वहां कार्य न कराकर अन्य स्थान पर काम कराए जाने और गुणवत्ता को लेकर सवाल उठे थे। उन्होंने कहा कि विकास के नाम पर ऐसी कार्यप्रणाली को स्वीकार नहीं किया जा सकता।


मंडल कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस विकास की विरोधी नहीं, बल्कि जनता के पैसों से होने वाले गुणवत्ताहीन और मनमाने निर्माण की विरोधी है। नगर पंचायत के आगामी सभी निर्माण कार्यों पर कांग्रेस की नजर रहेगी और आवश्यकता पड़ने पर कार्यों की गुणवत्ता एवं प्राक्कलन के अनुरूप निर्माण की स्थिति को लेकर सवाल भी उठाए जाएंगे।
उन्होंने दो टूक कहा कि यदि इस बार किसी भी निर्माण कार्य में गुणवत्ता से समझौता किया गया, स्वीकृत प्राक्कलन से हटकर कार्य कराया गया या निर्धारित स्थान के बजाय मनमाने ढंग से निर्माण कराया गया, तो धरमजयगढ़ मंडल कांग्रेस केवल बयानबाजी तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि जनता के साथ सड़कों पर उतरकर विरोध करेगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[join_button]
WhatsApp