वार्ड 15 में सड़क-नाली की बदहाल स्थिति, रहवासियों ने नगर पालिका से की पक्की सड़क निर्माण की मांग
1 min read
संभाग ब्यूरो दुर्गा गुप्ता

मनेंद्रगढ़। नगर पालिका परिषद मनेंद्रगढ़ के वार्ड क्रमांक 15 के बदन सिंह मोहल्ला, टंकी पारा क्षेत्र के रहवासियों ने सड़क एवं नाली निर्माण की मांग को लेकर मुख्य नगर पालिका अधिकारी को आवेदन सौंपा है।
रहवासियों ने आवेदन में बताया कि वे एसएलआरएम सेंटर के पास निवास करते हैं। उनके द्वारा नगर पालिका से भवन अनुज्ञा लेकर तथा नक्शा पास कराकर मकानों का निर्माण कराया गया है और नियमित रूप से नगर पालिका को करों का भुगतान भी किया जाता है। इसके बावजूद क्षेत्र में आवागमन के लिए पक्की सड़क और नाली का निर्माण नहीं कराया गया है।
आवेदन में कहा गया है कि सड़क नहीं होने के कारण बारिश के मौसम में कीचड़ जमा हो जाता है और पानी भरने से आवागमन बाधित होता है। कीचड़ एवं भरे हुए पानी के कारण दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। रहवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से मौके पर पक्की सड़क एवं नाली निर्माण कराने की मांग की है।
रहवासियों ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी से वार्डवासियों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द पक्की सड़क निर्माण कराने की मांग की है।
गौरतलब है कि मनेंद्रगढ़ नगर पालिका क्षेत्र में सड़क और नाली निर्माण के लिए विकास कार्य लगातार स्वीकृत किए जा रहे हैं। ऐसे में वार्ड 15 के रहवासियों को भी मूलभूत सुविधा उपलब्ध कराने की मांग उठी है।

Subscribe to my channel