August 27, 2026

Udghosh Samay News

खबर जहां हम वहां

रक्षाबंधन से पहले विष्णु भैया का उपहार: महतारी वंदन योजना बनी सुवासिनी की खुशियों का सहारा

1 min read
Spread the love

जांजगीर-चांपा, 27 अगस्त 2026। जिले के विकासखंड नवागढ़ के ग्राम खोखरा निवासी श्रीमती सुवासिनी सूर्यवंशी के लिए महतारी वंदन योजना सिर्फ एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि हर महीने नई उम्मीद, आत्मनिर्भरता और खुशियों का सच्चा सहारा बन गई है। योजना के तहत मिलने वाली एक हजार रुपये की मासिक राशि का वे बेसब्री से इंतजार करती हैं। यह राशि परिवार की छोटी-बड़ी जरूरतों को पूरा करने में उनके लिए महत्वपूर्ण सहारा साबित हो रही है।

इस बार रक्षाबंधन के पावन पर्व से ठीक पहले खाते में योजना की राशि पहुंचने से सुवासिनी की खुशी दोगुनी हो गई। उनके चेहरे पर त्योहार की रौनक साफ नजर आ रही थी। वे भावुक होते हुए कहती हैं, “इस बार रक्षाबंधन से पहले ही विष्णु भैया ने हमारे खाते में एक हजार रुपये भेजकर त्योहार की खुशी और बढ़ा दी। अब इन पैसों से अपने लिए साड़ी और राखी खरीदेंगे। हमारे लिए यह रक्षाबंधन पर भाई की ओर से मिला सच्चा उपहार है।”

सुवासिनी बताती हैं कि वे योजना की राशि का उपयोग सोच-समझकर करती हैं। परिवार की जरूरी आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ-साथ कुछ हिस्सा बचाकर बड़ी जरूरतों के लिए जोड़ भी रही हैं। उनके अनुसार यह आर्थिक सहायता आत्मनिर्भरता की दिशा में बढ़ाया गया एक छोटा लेकिन महत्वपूर्ण कदम है। वे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति दिल से आभार व्यक्त करती हैं।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित महतारी वंदन योजना महिलाओं को आर्थिक संबल प्रदान करने के साथ उनके जीवन में आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की नई राह भी खोल रही है। सुवासिनी जैसी महिलाओं के लिए हर महीने मिलने वाली यह राशि रोजमर्रा की जरूरतों में सहारा बनने के साथ ही सपनों और आवश्यकताओं को पूरा करने का भरोसा भी दे रही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[join_button]
WhatsApp