धरमजयगढ़ अंचल के विकास को मिलेगी नई रफ़्तार , डीएमएफ से ₹9.03 करोड़ स्वीकृत ! भाजयुमो अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री वित्त मंत्री और सांसद के प्रति जताया आभार
1 min read

धरमजयगढ़ – डाइट के कायाकल्प से लेकर छाल में आधुनिक एम्बुलेंस तक, शिक्षा-स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं को मिलेगा नया आधार; भाजयुमो अध्यक्ष समय अग्रवाल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी और रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया का जताया आभार*
धरमजयगढ़ – धरमजयगढ़ अंचल में शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक बड़ी पहल सामने आई है। जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) मद से रायगढ़ जिले के विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्यों के लिए कुल 9 करोड़ 3 लाख 66 हजार 149 रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इस राशि से धरमजयगढ़, छाल और घरघोड़ा क्षेत्र में शिक्षा अधोसंरचना के उन्नयन, स्वास्थ्य सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और विद्यार्थियों के लिए आवश्यक सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।
इस स्वीकृति को क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण कदम बताते हुए भारतीय जनता युवा मोर्चा धरमजयगढ़ के अध्यक्ष समय अग्रवाल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय , वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी और रायगढ़ सांसद श्री राधेश्याम राठिया के प्रति पूरे धरमजयगढ़ अंचल की ओर से आभार व्यक्त किया है।
समय अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के संवेदनशील नेतृत्व और रायगढ़ विधायक एवं वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी की विकासोन्मुख सोच और सांसद राधेश्याम राठिया के सक्रिय कार्यशैली के परिणामस्वरूप धरमजयगढ़ अंचल को लगातार विकास कार्यों की सौगात मिल रही है। उन्होंने कहा कि यह स्वीकृति केवल निर्माण कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे क्षेत्र के विद्यार्थियों, युवाओं, ग्रामीणों और मरीजों को सीधे तौर पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। जिलाधीश मयंक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में स्वीकृत इन कार्यों से क्षेत्र की अधोसंरचना को मजबूती मिलेगी।
डाइट धरमजयगढ़ के कायाकल्प पर खर्च होंगे 8.73 करोड़
स्वीकृत राशि में सबसे बड़ा हिस्सा धरमजयगढ़ स्थित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) की अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए रखा गया है। डाइट के लिए 8 करोड़ 73 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है। इसके तहत पुरुष एवं महिला छात्रावास भवन, आधुनिक सम्मेलन कक्ष और शौचालय खंड सहित विभिन्न निर्माण कार्य किए जाएंगे। इसके साथ ही संस्थान के पुराने भवनों का जीर्णोद्धार एवं कायाकल्प भी किया जाएगा।
इससे डाइट की शैक्षणिक एवं आवासीय सुविधाओं में व्यापक सुधार होने की उम्मीद है और यहां अध्ययनरत प्रशिक्षणार्थियों को पहले की तुलना में बेहतर वातावरण मिल सकेगा।
छाल के मरीजों के लिए मिलेगी आधुनिक बीएलएस एम्बुलेंस
स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूती देने के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र छाल हेतु 25 लाख 66 हजार 149 रुपये की लागत से आधुनिक बेसिक लाइफ सपोर्ट (बीएलएस) एम्बुलेंस खरीदी जाएगी। खनन प्रभावित एवं ग्रामीण क्षेत्र के मरीजों के लिए यह सुविधा विशेष रूप से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को समय पर स्वास्थ्य केंद्र अथवा उच्च चिकित्सा संस्थान तक पहुंचाने में यह एम्बुलेंस महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इससे गंभीर मरीजों के लिए तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था और प्रभावी हो सकेगी।
कुडुमकेला हाईस्कूल में भी बढ़ेंगी विद्यार्थियों की सुविधाएं
वहीं विकासखंड घरघोड़ा के ग्राम पंचायत कुडुमकेला स्थित हाईस्कूल में विद्यार्थियों की सुविधा के लिए 5 लाख रुपये की लागत से प्रार्थना शेड का निर्माण कराया जाएगा। इससे विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों को सामूहिक गतिविधियों एवं प्रार्थना के दौरान सुविधा मिलेगी।
धरमजयगढ़ अंचल में शिक्षा संस्थान के कायाकल्प, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और विद्यार्थियों के लिए बुनियादी सुविधाओं में बढ़ोतरी की इस स्वीकृति से क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। भाजयुमो अध्यक्ष समय अग्रवाल ने कहा कि सरकार की इन विकास योजनाओं का वास्तविक लाभ आम जनता तक पहुंचे, यही इस स्वीकृति की सबसे बड़ी सार्थकता होगी।
उन्होंने कहा कि धरमजयगढ़ जैसे ग्रामीण एवं खनिज प्रभावित क्षेत्र में शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी जरूरतों पर निवेश आने वाले समय में क्षेत्र के विकास की मजबूत नींव तैयार करेगा। भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने भी शासन के इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण विकासात्मक उपलब्धि बताया है।
Subscribe to my channel