जन्मदिन पर पौधारोपण कर पवन चीनी ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
1 min read
बोले- जन्मदिन पर पौधा लगाना केवल परंपरा नहीं, बल्कि हमारी सामाजिक जिम्मेदारी

अनूपपुर। नगर परिषद बरगवां-अमलाई के वार्ड क्रमांक 07 के पार्षद एवं समाजसेवी पवन कुमार ‘चीनी’ ने अपने जन्मदिन एवं स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी उन्होंने अपने जन्मदिन को पौधारोपण के माध्यम से सार्थक बनाते हुए लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर पवन चीनी ने कहा कि “जन्मदिन के अवसर पर पौधा लगाना केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि हमारी सामाजिक जिम्मेदारी भी है।” उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन के विशेष अवसर पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए तथा उसके संरक्षण और देखभाल की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए। आज लगाए गए पौधे आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा, हरियाली और बेहतर पर्यावरण का आधार बनेंगे।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में पेड़-पौधों की महत्वपूर्ण भूमिका है। केवल पौधारोपण करना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण भी जरूरी है। यदि समय रहते पौधारोपण के साथ उनकी उचित देखभाल की जाए, तो आने वाले वर्षों में इसका लाभ समाज और आने वाली पीढ़ियों को मिलेगा।
पवन चीनी को पौधारोपण करते देख उनके मित्रों में भी उत्साह का संचार हुआ। इसके बाद उनके मित्रों ने भी एक-एक पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण के संकल्प में अपनी भागीदारी निभाई।
इस अवसर पर चीनी मित्र मंडली के सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने लगाए गए पौधों के संरक्षण तथा क्षेत्र को हरा-भरा बनाने का संकल्प लिया।
Subscribe to my channel