550 से अधिक एनसीसी कैडेट्स के प्रशिक्षण का साक्षी बना एकेएस विश्वविद्यालय, अनुशासन और नेतृत्व का दिया संदेश
1 min read
सतना। युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने के उद्देश्य से एकेएस विश्वविद्यालय परिसर दस दिनों तक सैन्य प्रशिक्षण और व्यक्तित्व विकास का जीवंत केंद्र बना रहा। 3 एमपी बटालियन एनसीसी द्वारा आयोजित वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (एटीसी-170) में मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों से आए 550 से अधिक कैडेट्स ने भाग लेकर सैन्य जीवन की बारीकियों के साथ सामाजिक दायित्वों का भी प्रशिक्षण प्राप्त किया।

22 जून से 1 जुलाई तक चले इस शिविर में कैडेट्स को ड्रिल, हथियार संचालन, मैप रीडिंग, फील्ड क्राफ्ट, आपदा प्रबंधन, नेतृत्व विकास, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता तथा सामाजिक जागरूकता जैसे विषयों पर व्यावहारिक एवं सैद्धांतिक प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के साथ आयोजित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, प्रेरक व्याख्यानों और प्रतियोगिताओं ने शिविर को और अधिक जीवंत बनाया।
शिविर में एकेएस विश्वविद्यालय के कैडेट्स ने अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए ड्रिल प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल किया। विश्वविद्यालय के बी.टेक. जैव प्रौद्योगिकी के विद्यार्थी एवं सीनियर अंडर ऑफिसर (एसयूओ) सुमित चौरसिया को अनुकरणीय नेतृत्व, उत्कृष्ट अनुशासन और जिम्मेदारियों के प्रभावी निर्वहन के लिए प्रशंसा प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया। वहीं बी.ए. (कंप्यूटर) की छात्रा प्राची बागरी ने कैंप सीनियर के रूप में शिविर संचालन और कैडेट्स के समन्वय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाकर सभी का ध्यान आकर्षित किया।
एनसीसी समन्वयक एवं एएनओ लेफ्टिनेंट प्राची सिंह के नेतृत्व में आयोजित शिविर की व्यवस्थाओं को विशेष सराहना मिली। उत्कृष्ट प्रबंधन और समन्वय के लिए उन्हें “बेस्ट मैनेजमेंट अवॉर्ड” से सम्मानित किया गया। शिविर के निरीक्षण के दौरान कर्नल संदीप जसपाल ने विश्वविद्यालय की अनुशासित व्यवस्था, आवास, भोजन और संपूर्ण प्रबंधन की प्रशंसा करते हुए इसे उत्कृष्ट आयोजन बताया।
समापन समारोह में सागर ग्रुप मुख्यालय के निदेशक ने कहा कि एनसीसी केवल सैन्य प्रशिक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि जिम्मेदार, आत्मविश्वासी और राष्ट्रहित के प्रति समर्पित नागरिक तैयार करने की सशक्त संस्था है। अंतिम दिन आयोजित शहीद सम्मान एवं सलामी समारोह में डायरेक्टर श्री अजय कुमार सोनी ने वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर कैडेट्स से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया।
इस अवसर पर प्रो-चांसलर इंजी. अनंत कुमार सोनी, कुलपति प्रो. बी. ए. चोपड़े, डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. महेंद्र तिवारी, कुलसचिव डॉ. आर. एस. त्रिपाठी तथा महानिदेशक (प्रशासन) श्री बृजेंद्र कुमार सोनी ने सभी प्रतिभागी कैडेट्स को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि एनसीसी युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण की प्रभावी पाठशाला है और एकेएस विश्वविद्यालय ऐसे आयोजनों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभा रहा है।
Subscribe to my channel