जांजगीर-चांपा/पामगढ़, 20 जून 2026। नगर पंचायत राहौद स्थित कान्हा पेट्रोल पंप के पास शुक्रवार दोपहर करीब 1:18 बजे दो बाइकों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना में दोनों बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल युवकों की पहचान ललित साहू एवं चन्द्र प्रकाश साहू के रूप में हुई है। दोनों ग्राम डेराडीह कटगी के निवासी हैं। वे संदीपनी कॉलेज राहौद में आयोजित पर्यावरण विषय की परीक्षा देकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान कान्हा पेट्रोल पंप के समीप उनकी बाइकों में आपस में टक्कर हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत 108 एम्बुलेंस सेवा को सूचित किया। एम्बुलेंस टीम ने मौके पर पहुंचकर प्राथमिक उपचार प्रदान किया और दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पामगढ़ पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्रारंभिक जांच के बाद दोनों युवकों के सिर में लगी गंभीर चोटों को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल जांजगीर रेफर कर दिया।
दुर्घटना के समय स्थानीय राहगीरों और नागरिकों ने त्वरित सहायता प्रदान की। घटना की जानकारी संबंधित पुलिस को भी दे दी गई है, जो मामले की जांच कर रही है।
उदघोष समय न्यूज़ दोनों युवकों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता है। अभिभावकों और परीक्षार्थियों से अपील है कि परीक्षा के बाद घर लौटते समय सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें और सावधानी बरतें।