June 20, 2026

Udghosh Samay News

खबर जहां हम वहां

भारतीय जनता युवा मोर्चा जांजगीर-चांपा की प्रथम परिचयात्मक बैठक भव्य रूप से सम्पन्न

1 min read
Spread the love

जांजगीर, 19 जून 2026 — भारतीय जनता युवा मोर्चा जिला जांजगीर-चांपा की प्रथम परिचयात्मक बैठक शुक्रवार को जिला भाजपा कार्यालय, जांजगीर में उत्साह, अनुशासन और संगठनात्मक वातावरण में भव्य रूप से संपन्न हुई। बैठक का आयोजन जिले में युवा मोर्चा को नई दिशा, ऊर्जा और स्पष्ट कार्ययोजना देने के उद्देश्य से किया गया।

बैठक की अध्यक्षता भारतीय जनता युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष आकाश सिंह ने की। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में आकाश सिंह ने कहा कि भारतीय जनता युवा मोर्चा राष्ट्रवादी विचारधारा से प्रेरित संगठन है, जो युवाओं को सेवा, समर्पण और संघर्ष के माध्यम से नेतृत्व की भूमिका के लिए तैयार करता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि जिले के प्रत्येक बूथ तक संगठन को मजबूत करना, युवाओं को पार्टी की रीति-नीति से जोड़ना और समाज के अंतिम व्यक्ति तक केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना युवा मोर्चा की प्रमुख जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता भारतीय जनता युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष राहुल योगराज टिकरिहा रहे। अपने ओजस्वी उद्बोधन में उन्होंने कहा कि युवा शक्ति किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी होती है। भारतीय जनता पार्टी ने सदैव युवाओं को नेतृत्व की अग्रिम पंक्ति में खड़ा किया है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ संगठनात्मक अनुशासन बनाए रखें, डिजिटल माध्यमों के साथ जमीनी स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाएं और आगामी चुनावी एवं संगठनात्मक दायित्वों के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ तैयार हो जाएं।

इस अवसर पर पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने युवाओं को संगठन के संघर्षपूर्ण इतिहास से अवगत कराया और कहा कि युवा मोर्चा भविष्य के नेतृत्व की प्रयोगशाला है। खनिज विकास निगम के अध्यक्ष सौरभ सिंह ने संगठनात्मक एकजुटता और विकास के मुद्दों पर युवाओं को मार्गदर्शन दिया।

भाजपा जिला अध्यक्ष अंबेश जांगड़े ने अपने उद्बोधन में कहा कि राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है और सेवा भावना के साथ संगठन के लिए कार्य करना चाहिए।

कार्यक्रम में जिला संगठन प्रभारी राम देव कुमावत, सह-प्रभारी राजेंद्र वैष्णव, युवा मोर्चा प्रदेश महामंत्री जितेंद्र देवागन, प्रदेश उपाध्यक्ष अमन प्रताप, जिला महामंत्री नंद चौधरी, अमर सुल्तानिया, जिला पंचायत अध्यक्षा सत्यलता आनंद मीरी, रवि पांडेय, चुन्नीलाल साहू, संदीप शाहू, दिग्विजय सिंह, पलास चंदेल, सारंगढ़ जिलाध्यक्ष हितेश अजगले सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि मंचासीन रहे।

बैठक का संचालन जिला महामंत्री अभिषेक पाण्डेय ने किया, जबकि आभार ज्ञापन जिला उपाध्यक्ष विवेक शर्मा द्वारा किया गया।

इस महत्वपूर्ण बैठक में भारतीय जनता युवा मोर्चा जिला जांजगीर-चांपा के समस्त जिला पदाधिकारी, सभी मंडलों के अध्यक्ष एवं महामंत्री, मंडल पदाधिकारीगण तथा बड़ी संख्या में सक्रिय युवा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[join_button]
WhatsApp