मनेंद्रगढ़। नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 11 स्थित एफसीआई गोदाम परिसर इन दिनों नशेड़ियों और असामाजिक तत्वों का जमावड़ा बनने लगा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि शाम होते ही गोदाम के आसपास संदिग्ध लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है, जिससे क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है। वार्डवासियों का कहना है कि यहां खुलेआम नशाखोरी होने के कारण महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
नागरिकों के अनुसार कई बार पुलिस प्रशासन को इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन नियमित गश्त नहीं होने से असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं। शाम के समय गोदाम परिसर और आसपास का क्षेत्र युवाओं के लिए नशे का अड्डा बनता जा रहा है, जिससे किसी बड़ी अप्रिय घटना की आशंका बनी हुई है।
क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि पुलिस द्वारा नियमित पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए, गोदाम परिसर की निगरानी की जाए तथा असामाजिक गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन ने ध्यान नहीं दिया तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।
अब देखना होगा कि वार्ड क्रमांक 11 के नागरिकों की इस गंभीर समस्या पर पुलिस और प्रशासन कब तक संज्ञान लेते हैं और क्षेत्र को असामाजिक तत्वों से मुक्त कराने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।