बेटा ही निकला माँ का हत्यारा ! घरेलू विवाद को लेकर दिया वारदात को अंजाम !
1 min read
रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत वार्ड क्रमांक 15 स्थित चिकटवानी के मुड़ाटीकरा मोहल्ले में शनिवार को हुई वृद्ध महिला की हत्या की गुत्थी को पुलिस ने कुछ ही घंटों में सुलझा लिया। मामले में मृतिका का बेटा ही आरोपी निकला, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार 75 वर्षीय मेरीना लकड़ा अपने घर में मृत अवस्था में मिली थीं, जबकि उनकी लगभग 9 वर्षीय नातिन अगोस्टीना लकड़ा गंभीर रूप से घायल हालत में पास के कमरे में पाई गई थी। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। घायल बच्ची को प्राथमिक उपचार के लिए सिविल अस्पताल धरमजयगढ़ ले जाया गया, जहां सिर में गंभीर चोट होने के कारण उसे बेहतर उपचार के लिए रायगढ़ रेफर किए जाने की जानकारी सामने आई।

जांच के दौरान थाना प्रभारी राजेश जांगड़े के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी संदीप लकड़ा (करीब 40 वर्ष) को रायगढ़ से गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पुलिस को गुमराह करने की नीयत से रायगढ़ मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंच गया था, जहां उसकी पत्नी और बड़ी बेटी का इलाज चल रहा था।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी शराब के नशे में घर पहुंचा था। किसी बात को लेकर उसकी अपनी मां से कहासुनी हो गई, जिसके बाद उसने लकड़ी के बैट से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंची आरोपी की छोटी बेटी अगोस्टीना लकड़ा भी घायल हो गई। बच्ची के सिर में गंभीर चोट आई है और उसका उपचार जारी है।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है। वहीं इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे मोहल्ले में मातम का माहौल बना हुआ है।
Subscribe to my channel