धरमजयगढ़ में ‘धर्म परिवर्तन ’ की सूचना पर पुलिस सतर्क, मौके पर पहुंचकर की जांच !
1 min read

धरमजयगढ़ – रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत मीरिगुड़ा गांव में रविवार को उस समय हलचल मच गई, जब एक घर में कथित तौर पर सामूहिक धर्म परिवर्तन कराए जाने की सूचना सामने आई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन हरकत में आया और तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति की जांच की।

मिली जानकारी के अनुसार, गांव में एक घर के भीतर दो दर्जन से अधिक लोग एकत्रित थे, जहां एक व्यक्ति द्वारा ‘प्रार्थना सभा’ संचालित की जा रही थी। इस दौरान भारतीय जनता युवा मोर्चा के स्थानीय पदाधिकारियों द्वारा मामले की जानकारी थाना प्रभारी को दी गई।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राजेश जांगड़े पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उनके साथ स्थानीय जनप्रतिनिधि और अन्य लोग भी मौजूद रहे। पुलिस के पहुंचते ही वहां कुछ समय के लिए हलचल की स्थिति बन गई।
प्राथमिक पूछताछ में वहां मौजूद व्यक्ति ने पुलिस को बताया कि सभा में शामिल सभी लोग स्वेच्छा से आए थे और किसी प्रकार का दबाव या प्रलोभन नहीं दिया गया था। इसके बाद पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से जानकारी लेकर स्थिति की तस्दीक की।
थाना प्रभारी ने उपस्थित लोगों को समझाइश देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की गोपनीय या संदिग्ध गतिविधि से बचना चाहिए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि भविष्य में किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलती है, तो विधिसम्मत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Subscribe to my channel