पुरंगा कोल ब्लॉक का आगे का रास्ता हुआ साफ, केंद्र से मिली स्टेज-1 वन स्वीकृति
1 min read

धरमजयगढ़ क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित पुरंगा अंडरग्राउंड कोल ब्लॉक परियोजना को बड़ा प्रशासनिक संबल मिला है। केंद्र सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय (वन संरक्षण प्रभाग) ने परियोजना के लिए स्टेज-1 (इन-प्रिंसिपल) वन स्वीकृति जारी कर दी है। इसके साथ ही परियोजना ने वन स्वीकृति प्रक्रिया का एक महत्वपूर्ण पड़ाव पार कर लिया है और आगे की वैधानिक प्रक्रिया का मार्ग प्रशस्त हो गया है।
23 जुलाई 2026 को जारी आदेश के अनुसार, मंत्रालय ने वन (संरक्षण एवं संवर्धन) अधिनियम, 1980 की धारा 2(1)(ii) के तहत अंबुजा सीमेंट्स लिमिटेड के पक्ष में 621.331 हेक्टेयर क्षेत्र में सतही अधिकार तथा 9.982 हेक्टेयर वन भूमि के डायवर्जन के लिए सैद्धांतिक (स्टेज-1) स्वीकृति प्रदान की है। यह स्वीकृति पुरंगा, कोकदार एवं समरसिंघा ग्रामों, तहसील छाल, जिला रायगढ़ में स्थित प्रस्तावित पुरंगा अंडरग्राउंड कोल ब्लॉक से संबंधित है।
मंत्रालय के दस्तावेज़ के अनुसार, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा भेजे गए प्रस्ताव पर 6 जुलाई 2026 को केंद्रीय सलाहकार समिति ने विचार-विमर्श किया। समिति की अनुशंसा तथा सक्षम प्राधिकारी की स्वीकृति के बाद केंद्र सरकार ने निर्धारित शर्तों के अधीन स्टेज-1 वन स्वीकृति जारी कर दी।
केंद्र सरकार के इस निर्णय को पुरंगा अंडरग्राउंड कोल ब्लॉक परियोजना के लिए एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक उपलब्धि माना जा रहा है। इससे परियोजना को आवश्यक वैधानिक प्रक्रियाओं में गति मिलने की संभावना है, जबकि अंतिम क्रियान्वयन अभी भी शेष अनुमतियों, निर्धारित शर्तों के अनुपालन तथा अन्य कानूनी स्वीकृतियों पर निर्भर रहेगा।
Subscribe to my channel