विकसित भारत जी राम जी योजना से गांव होंगे आत्मनिर्भर, 125 दिन का रोजगार और 300 रुपये दैनिक मजदूरी से मिलेगी श्रमिकों को नई मजबूती
1 min read
जांजगीर-चांपा, 02 जुलाई 2026 — प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के विजन को साकार करने वाली विकसित भारत जी राम जी योजना का जिले में भव्य शुभारंभ हुआ। आंध्र प्रदेश के तिरुपति से केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर योजना का शुभारंभ किए जाने का वर्चुअल प्रसारण जिले के बम्हनीडीह ग्राम पंचायत अंतर्गत सोनाईडीह में आयोजित जिला स्तरीय जन सम्मेलन-सह-शुभारंभ कार्यक्रम में सीधा देखा गया।


कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, ग्रामीणों और बड़ी संख्या में श्रमिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा,
“हमारे लिए यह सौभाग्य की बात है कि हम इस महत्वपूर्ण योजना के सहभागी बने हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की मंशा है कि गांव-गांव का समग्र विकास हो और अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचे। विकसित भारत जी राम जी योजना के तहत अब 125 दिनों का रोजगार और 300 रुपये प्रतिदिन की मजदूरी मिलेगी, जिससे ग्रामीण परिवार आर्थिक रूप से सशक्त होंगे और गांवों की अर्थव्यवस्था मजबूत बनेगी।”
उन्होंने आगे कहा कि योजना का क्रियान्वयन पूर्ण पारदर्शिता के साथ किया जाएगा। जल संरक्षण, जल संचयन और टिकाऊ परिसंपत्तियों के निर्माण को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण हो और गांवों में स्थायी विकास सुनिश्चित हो सके।
जिला पंचायत सदस्य श्रीमती मोहन कुमारी साहू ने कहा कि इस योजना से पलायन में कमी आएगी और ग्रामीणों को अपने गांव में ही बेहतर रोजगार के अवसर मिलेंगे।
जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मनीषा चौहान ने जोर देते हुए कहा,
“योजना के माध्यम से प्रत्येक गांव को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जाएगा। आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।”
कार्यक्रम में श्री के.के. चंद्रा, श्रीमती रूपा सिंह देव, श्रीमती उत्तरा सिदार, श्रीमती अमिता लहरे, श्री सुरेश साहू, श्री गोकुल जायसवाल सहित कई जनप्रतिनिधियों ने भी अपने विचार रखे।
कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित लोगों ने विकसित भारत के संकल्प को साकार करने और गांवों के सर्वांगीण विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गोकुल रावटे सहित जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनप्रतिनिधि, महिलाएं और श्रमिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
Subscribe to my channel