करोड़ों की जमीन पर निजी निर्माण से उठे सवाल, नगर पालिका बोली— नहीं दी कोई अनुमति
1 min read
अनूपपुर/बिजुरी। बिजुरी नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 8 में निजी कंपनी द्वारा बनाए जा रहे आलीशान भवन को लेकर अब विवाद गहराता जा रहा है। स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया है कि टीएमसी कंपनी द्वारा करोड़ों रुपये मूल्य की जमीन पर बिना वैध एनओसी और आवश्यक अनुमति के निर्माण कार्य कराया जा रहा है। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है और निष्पक्ष जांच की मांग उठने लगी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस भूमि पर आज निजी कंपनी का भव्य निर्माण कार्य चल रहा है, उसी क्षेत्र से वर्षों पहले गरीब परिवारों को हटाया गया था। उस समय प्रशासन और संबंधित प्रबंधन द्वारा विकास कार्यों एवं जनहित का हवाला देकर क्षेत्र खाली कराया गया था। अब उसी जमीन पर निजी निर्माण होने से लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।
क्षेत्रवासियों ने सवाल उठाया है कि आखिर कंपनी को इतनी मूल्यवान भूमि किस आधार पर उपलब्ध कराई गई और क्या इसके लिए नगर पालिका सहित संबंधित विभागों से आवश्यक अनुमति ली गई थी या नहीं। लोगों का कहना है कि यदि निर्माण पूरी तरह वैधानिक प्रक्रिया के तहत हुआ है तो उसकी जानकारी सार्वजनिक की जानी चाहिए।
मामले को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष सहबीन पनिका ने स्पष्ट कहा है कि नगर पालिका की ओर से किसी प्रकार की एनओसी जारी नहीं की गई है। उन्होंने बताया कि कंपनी को दो बार नोटिस भी भेजा जा चुका है। यदि जवाब संतोषजनक नहीं मिला तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कर यह स्पष्ट किया जाए कि भूमि आवंटन किन शर्तों पर हुआ तथा निर्माण कार्य किस अनुमति के आधार पर कराया जा रहा है। लोगों का कहना है कि यदि नियमों की अनदेखी हुई है तो यह प्रशासनिक जवाबदेही का गंभीर मामला माना जाएगा।
वहीं पूरे मामले ने नगर पालिका और संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस संवेदनशील मामले में क्या कदम उठाता है और जनता के सवालों का क्या जवाब सामने आता है।
Subscribe to my channel