वार्डवासियों ने जताया आक्रोश , वार्ड 10 में हरकत में आया नगर पंचायत प्रशासन !
1 min read

धरमजयगढ़ – नगर पंचायत धरमजयगढ़ के वार्ड क्रमांक 10 तेन्दुमार में सड़क, बिजली, पानी और साफ-सफाई जैसी मूलभूत समस्याओं को लेकर प्रकाशित खबर का असर अब दिखाई देने लगा है। खबर सामने आने के बाद नगर पंचायत प्रशासन हरकत में आया और शनिवार को नगर पंचायत के कर्मचारी वार्ड में पहुंचकर साफ-सफाई अभियान में जुट गए।

बताया जा रहा है कि वार्डवासियों द्वारा लंबे समय से साफ-सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं को लेकर शिकायत की जा रही थी। वहीं हाल ही में लोगों ने समस्याओं के समाधान नहीं होने पर नगर पंचायत कार्यालय घेराव की चेतावनी भी दी थी। मामले के सामने आने के बाद प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लेते हुए वार्ड में सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने की पहल शुरू की।

शनिवार को नगर पंचायत के सफाई कर्मचारी वार्ड की गलियों में पहुंचे, जहां नालियों की सफाई और जमा कचरे को हटाने का कार्य किया गया। सफाई कार्य शुरू होने से स्थानीय लोगों ने राहत जरूर महसूस की, लेकिन वार्डवासियों का कहना है कि केवल एक दिन की कार्रवाई से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। उन्होंने नियमित साफ-सफाई, सड़क मरम्मत, पेयजल और बिजली व्यवस्था में भी सुधार की मांग की है।

स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन अब केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि वार्ड सहित पूरे नगर की मूलभूत समस्याओं के स्थायी समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाएगा।
Subscribe to my channel