NEET (UG) 2026 परीक्षा रद्द, दोबारा होगी परीक्षा; केंद्र सरकार ने सीबीआई जांच कराने का लिया निर्णय !
1 min read
मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET (UG) 2026 को लेकर बड़ा फैसला सामने आया है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने 12 मई 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति में 3 मई 2026 को आयोजित नीट यूजी परीक्षा को रद्द करने की घोषणा कर दी है। एजेंसी ने कहा है कि परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्षता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए यह निर्णय भारत सरकार की मंजूरी से लिया गया है। अब परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी, जिसकी नई तिथियां जल्द घोषित की जाएंगी।
NTA के अनुसार, 8 मई 2026 को मामले को केंद्रीय एजेंसियों के पास भेजा गया था। इसके बाद विभिन्न जांच एजेंसियों से प्राप्त इनपुट और तथ्यों की समीक्षा की गई। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर एजेंसी ने माना कि वर्तमान परीक्षा प्रक्रिया को जारी रखना उचित नहीं होगा।
प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि केंद्र सरकार ने पूरे मामले की व्यापक जांच के लिए इसे केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) को सौंपने का निर्णय लिया है। NTA ने कहा है कि वह जांच एजेंसी को सभी दस्तावेज, रिकॉर्ड और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराएगी।
एजेंसी ने यह भी स्वीकार किया कि परीक्षा दोबारा आयोजित होने से लाखों विद्यार्थियों और उनके परिवारों को असुविधा होगी, लेकिन परीक्षा प्रणाली में विश्वास बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। NTA ने कहा कि यदि कठोर निर्णय नहीं लिया जाता तो इससे परीक्षा व्यवस्था की साख को अधिक नुकसान पहुंचता।
NTA के अनुसार, मई 2026 परीक्षा चक्र के अंतर्गत किए गए सभी पंजीकरण, आवेदन और परीक्षा केंद्रों का चयन पुनः आयोजित परीक्षा के लिए मान्य रहेगा। अभ्यर्थियों को दोबारा आवेदन करने की आवश्यकता नहीं होगी और कोई अतिरिक्त परीक्षा शुल्क भी नहीं लिया जाएगा।
एजेंसी ने यह भी स्पष्ट किया है कि पुनर्परीक्षा की तारीख, एडमिट कार्ड जारी करने की नई समय-सारिणी और अन्य जानकारियां केवल NTA के आधिकारिक माध्यमों से साझा की जाएंगी। अभ्यर्थियों और अभिभावकों से सोशल मीडिया पर प्रसारित अपुष्ट खबरों पर भरोसा नहीं करने की अपील की गई है।
Subscribe to my channel