सपनों से सफलता तक: तुलसी साहू ने 10वीं में 94.67% अंक लाकर बढ़ाया धरमजयगढ़ का गौरव
1 min read

धरमजयगढ़ – सीमित संसाधनों के बीच भी यदि हौसले बुलंद हों और लक्ष्य स्पष्ट हो, तो सफलता खुद रास्ता बना लेती है। इस बात को सच कर दिखाया है पीएम श्री स्वामी आत्मानंद स्कूल, धरमजयगढ़ की मेधावी छात्रा कुमारी तुलसी साहू ने, जिन्होंने कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित कर दिया है।
तुलसी ने अपनी मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास के बल पर 600 में से 568 अंक अर्जित किए और 94.67% के उत्कृष्ट परिणाम के साथ विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे धरमजयगढ़ क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बन गई है।
तेंदुमार निवासी, पिता विनोद कुमार साहू की सुपुत्री तुलसी साहू ने अपनी सफलता का श्रेय अपने गुरुजनों के मार्गदर्शन, माता-पिता के सहयोग और नियमित अध्ययन को दिया। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण एवं ग्रामीणों में हर्ष और उत्साह का माहौल है।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष भरत लाल साहू एवं समस्त कार्यकर्ताओं ने छात्रा को बधाई देते हुए कहा कि “तुलसी की यह सफलता क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। यह साबित करता है कि सच्ची मेहनत और समर्पण से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।”
तुलसी साहू की यह सफलता न केवल एक व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणादायक संदेश भी है कि परिस्थितियाँ चाहे जैसी हों, मेहनत और लगन से हर मंजिल पाई जा सकती है।
Subscribe to my channel