ग्रामोदय विश्वविद्यालय में छात्रों के लिए बड़ी सुविधा—माइग्रेशन व डिग्री प्रमाणपत्र अब ऑनलाइनएमपी ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन की सुविधा, प्रोविजनल डिग्री व माइग्रेशन प्रमाणपत्र ऑनलाइन उपलब्ध होंगे
1 min read

चित्रकूट- 23 अप्रैल 2026।महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक महत्वपूर्ण डिजिटल पहल प्रारंभ की है। इस पहल के अंतर्गत अब विश्वविद्यालय के नियमित एवं दूरवर्ती (डिस्टेंस) माध्यम से उत्तीर्ण छात्र-छात्राएं अपने माइग्रेशन प्रमाणपत्र, प्रोविजनल डिग्री एवं डिग्री प्रमाणपत्र के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
यह नई सुविधा एमपी ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से उपलब्ध कराई गई है, जिससे विद्यार्थियों को अब विश्वविद्यालय आने-जाने की आवश्यकता नहीं होगी। छात्र कहीं से भी, किसी भी समय ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, माइग्रेशन प्रमाणपत्र एवं प्रोविजनल डिग्री ऑनलाइन उपलब्ध कराए जाने से प्रक्रिया में पारदर्शिता, त्वरित निष्पादन और सुविधा सुनिश्चित होगी। यह पहल डिजिटल इंडिया के उद्देश्यों के अनुरूप है तथा विद्यार्थियों के समय एवं संसाधनों की बचत करेगी।
कुलगुरु प्रो आलोक चौबे ने इस नवाचार को विद्यार्थियों के हित में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि विश्वविद्यालय भविष्य में भी इस प्रकार की तकनीकी सुविधाओं का विस्तार करता रहेगा, जिससे शिक्षा व्यवस्था को अधिक सुलभ एवं प्रभावी बनाया जा सके।
विश्वविद्यालय ने सभी पात्र विद्यार्थियों से अपील की है कि वे इस ऑनलाइन सुविधा का अधिकाधिक लाभ उठाएं और अपनी आवश्यक प्रमाणपत्र सेवाओं के लिए डिजिटल माध्यम का उपयोग करें।
Subscribe to my channel