सतना। मध्य प्रदेश के राज्यपाल महामहिम श्री मंगू भाई पटेल ने सशस्त्र सेना झंडा दिवस के अवसर पर ए.के.एस. विश्वविद्यालय द्वारा किए गए उल्लेखनीय योगदान के लिए विश्वविद्यालय के प्रो चांसलर अनंत कुमार सोनी एवं श्रीमती साधना सोनी को सम्मानित किया।
यह सम्मान सैनिक कल्याण हेतु एक लाख रुपये से अधिक के योगदान के लिए प्रदान किया गया, जिसे समाज के प्रति एक सराहनीय पहल माना गया। ए.के.एस. विश्वविद्यालय का यह योगदान सशस्त्र बलों के जवानों और उनके परिवारों के हित में महत्वपूर्ण साबित हो रहा है। उक्त सम्मान को अनंत कुमार सोनी एवं साधना सोनी ने एक विशेष कार्यक्रम के दौरान ग्रहण किया। कार्यक्रम में अन्य 6 दानदाताओं को भी सम्मानित किया गया। राज्य सैनिक बोर्ड के अनुसार इस वर्ष सशस्त्र सेना झंडा दिवस के अंतर्गत उल्लेखनीय संग्रहण हुआ, जिससे सैनिकों एवं उनके परिवारों के कल्याण से संबंधित योजनाओं को मजबूती मिल रही है। इस अवसर पर राज्यपाल ने सीमा पर तैनात जवानों को नमन करते हुए दानदाताओं की सराहना की और इस पुनीत कार्य में अधिक से अधिक सहभागिता का आह्वान किया।