March 15, 2026

Udghosh Samay News

खबर जहां हम वहां

विद्यालय में कथित धार्मिक टिप्पणी को लेकर विवाद, छात्र ने की जांच की मांग

1 min read
Spread the love


धरमजयगढ़ – विकासखंड धरमजयगढ़ के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बाकारुमा में कक्षा के दौरान कथित टिप्पणी को लेकर विवाद की स्थिति सामने आई है। कक्षा 9वीं के एक छात्र ने विद्यालय की एक शिक्षिका पर उसके धार्मिक प्रतीक को लेकर टिप्पणी करने का आरोप लगाते हुए मामले की जांच की मांग की है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार कक्षा 9वीं ‘बी’ के छात्र योगेश शर्मा ने बताया कि 23 फरवरी को विद्यालय में नियमित कक्षाएं संचालित हो रही थीं। उसी दौरान हिंदी विषय की कक्षा में पढ़ाई के दौरान उसके माथे पर लगे तिलक को लेकर चर्चा हुई। छात्र का कहना है कि इस दौरान शिक्षिका द्वारा ब्राह्मण समाज और धार्मिक परंपराओं के संबंध में कुछ ऐसी टिप्पणियां की गईं, जिन्हें उसने अपने धर्म के प्रति आहत करने वाला बताया है। छात्र के अनुसार उसने इस संबंध में अपनी बात विनम्रता से रखने का प्रयास किया।
छात्र ने बाद में इस संबंध में विद्यालय के प्राचार्य को लिखित आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई। छात्र का कहना है कि विद्यालय स्तर पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने पर उसने अपने परिजनों को जानकारी दी तथा दूरभाष के माध्यम से विकासखंड शिक्षा अधिकारी को भी मामले से अवगत कराया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद छात्र के पिता विद्यालय पहुंचे और उन्होंने संबंधित शिक्षिका से चर्चा की। परिजनों का कहना है कि बातचीत के दौरान शिक्षिका ने ऐसी किसी टिप्पणी से इंकार किया। वहीं परिजनों का यह भी कहना है कि बाद में एक सहमति पत्र तैयार किया गया, जिस पर उनसे हस्ताक्षर कराए गए। छात्र के पिता का कहना है कि वे पूरी तरह शिक्षित नहीं हैं, इसलिए उन्हें उस दस्तावेज की पूरी जानकारी नहीं थी। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।
बताया जा रहा है कि इस संबंध में विकासखंड शिक्षा अधिकारी को भी दूरभाष के माध्यम से सूचना दी गई है। फिलहाल यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। परिजनों ने प्रशासन और शिक्षा विभाग से मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित निर्णय लेने की मांग की है।
अब देखना होगा कि विभाग इस शिकायत पर किस प्रकार संज्ञान लेता है और आगे क्या कार्रवाई की जाती है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[join_button]
WhatsApp