छाल पुलिस की त्वरित कार्रवाई — महिला से दुष्कर्म के आरोपी को 24 घंटे के भीतर किया गिरफ्तार
1 min read
कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म, अश्लील फोटो-वीडियो बनाकर धमकी देने का आरोप
वायरल करने की धमकी देकर लंबे समय से किया जा रहा था शारीरिक शोषण
थाना छाल में बीएनएस की धारा 64(2)(एम) के तहत अपराध पंजीबद्ध

रायगढ़ / धरमजयगढ़ -छाल थाना क्षेत्र में महिला से दुष्कर्म के गंभीर मामले में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी युवक को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पीड़िता द्वारा दिनांक 2 फरवरी 2026 को थाना छाल में आवेदन प्रस्तुत कर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह स्वास्थ्यगत कारणों से जनवरी 2025 से अपने मायके में रह रही थी। अप्रैल माह में कच्चे मकान की मरम्मत के दौरान मिट्टी गिरवाने के सिलसिले में आरोपी का उसके घर आना-जाना प्रारंभ हुआ।
मामले का विवरण
पीड़िता के अनुसार 6 अप्रैल 2025, रविवार को आरोपी उसके घर आया और बातचीत के दौरान कोल्ड ड्रिंक पिलाई। पेय पदार्थ सेवन के बाद उसे अत्यधिक नींद आने लगी। इस दौरान घर में अकेला पाकर आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया तथा अश्लील फोटो और वीडियो बना लिए। इसके बाद आरोपी द्वारा उक्त सामग्री को वायरल करने की धमकी देकर लगातार शारीरिक शोषण किया जाता रहा।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई 👉
महिला की शिकायत पर थाना प्रभारी छाल निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी द्वारा तत्काल अपराध क्रमांक 11/2026, धारा 64(2)(एम) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया गया। महिला उप निरीक्षक दीपिका निर्मलकर एवं महिला थाना टीम द्वारा पीड़िता के कथन दर्ज कर मेडिकल परीक्षण कराया गया।
पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी चन्द्रभान यादव पिता दुर्ग विजय यादव, निवासी ग्राम शाहपुर, पोस्ट अजीजाबाद, थाना जहानागंज, जिला आजमगढ़ (उत्तर प्रदेश), हाल मुकाम आईएससी साइडिंग नदी किनारे, हाटी पेट्रोल पंप के पास, थाना छाल क्षेत्र को गिरफ्तार किया। आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
पुलिस टीम की भूमिका 👉
इस कार्रवाई में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी छाल निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी, प्रधान आरक्षक शंभू पाण्डेय, शंकर क्षत्रिय एवं आरक्षक भगवती लक्ष्मे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी का संदेश 👉
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया है कि
“महिलाओं एवं नाबालिगों के विरुद्ध अपराधों में रायगढ़ पुलिस जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए आरोपी की गिरफ्तारी से लेकर न्यायालय में सशक्त पैरवी कर सजा दिलाने तक पूरी गंभीरता से कार्य करेगी।”
Subscribe to my channel