May 9, 2026

Udghosh Samay News

खबर जहां हम वहां

अवैध कोयला खनन पर बड़ी कार्रवाई, चैन माउंटेन मशीन बरामद—जांच में जुटा प्रशासन

1 min read
Spread the love

रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ क्षेत्र अंतर्गत बोरो, संगरा और लालमाटी इलाके में लंबे समय से चल रहे अवैध कोयला खनन का मामला अब खुलकर सामने आ गया है। ग्रामीणों से लगातार मिल रही शिकायतों के बाद सोमवार को पुलिस, वन विभाग और जिला खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में दबिश दी। निरीक्षण के दौरान नाले और आसपास के इलाकों में बड़े पैमाने पर कोयला उत्खनन और भंडारण के स्पष्ट संकेत मिले।


जानकारी के मुताबिक, अधिकारियों के पहुंचने की भनक लगते ही जेसीबी मशीन को मौके से हटा लिया गया था, जिससे सूचना लीक होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, तलाश के दौरान अधिकारियों ने उसी क्षेत्र में छिपाकर रखी गई चैन माउंटेन मशीन को बरामद कर लिया। बताया जा रहा है कि इसी मशीन की मदद से बीते कई दिनों से अवैध रूप से कोयला निकाला जा रहा था।


स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि भारी मशीनों की आवाज और लगातार हो रही आवाजाही से वे पहले ही संदेह जता चुके थे। मशीन की बरामदगी के बाद प्रशासन ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है। संबंधित विभागों द्वारा यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस अवैध गतिविधि के पीछे कौन लोग शामिल हैं और यह कार्य कब से संचालित हो रहा था।


फिलहाल मशीन को जब्त कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध कोयला खनन को लेकर हड़कंप मचा हुआ है और आने वाले दिनों में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[join_button]
WhatsApp