Udghosh Samay News

खबर जहां हम वहां

किसानों के हक़ और मनरेगा बचाओ को लेकर कांग्रेस का सशक्त जन आंदोलन, धरमजयगढ़ में धरना-प्रदर्शन व सांकेतिक चक्काजाम

1 min read
Spread the love

धरमजयगढ़ – किसानों की समस्याओं, धान खरीदी में हो रही कथित अनियमितताओं और मनरेगा बचाओ के मुद्दे सहित सरकार की जनविरोधी नीतियों के विरोध में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी धरमजयगढ़ के नेतृत्व में दिनांक 30 जनवरी 2026, शुक्रवार को एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन एवं सांकेतिक चक्काजाम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की पूर्व सूचना अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) धरमजयगढ़ को दी गई थी।


निर्धारित समयानुसार दोपहर 1 बजे दुर्गा चौक बस स्टैंड धरमजयगढ़ में धरना प्रदर्शन प्रारंभ हुआ। धरना स्थल पर धरमजयगढ़ विधायक लालजीत सिंह राठिया, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रितुराज सिंह ठाकुर सहित सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र व राज्य की भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और किसानों के साथ हो रहे कथित अन्याय पर रोष व्यक्त किया।


सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि धान खरीदी प्रक्रिया में अव्यवस्था, किसानों को समय पर भुगतान न मिलना और खरीदी तिथि को आगे न बढ़ाया जाना गंभीर चिंता का विषय है। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियाँ किसान विरोधी हैं और इसका सीधा असर ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर पड़ रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस किसानों के हक़ की लड़ाई सड़क से सदन तक पूरी मजबूती से लड़ेगी।


पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत दोपहर 3:30 बजे से शाम 4 बजे तक राजीव गांधी चौक धरमजयगढ़ में सांकेतिक चक्काजाम किया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्ण एवं अनुशासित ढंग से विरोध दर्ज कराया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। मौके पर प्रशासन द्वारा कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु आवश्यक इंतजाम किए गए
कार्यक्रम के समापन पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गांधी जी के सत्य, अहिंसा और सामाजिक न्याय के सिद्धांतों पर चलने का संकल्प लिया। संपूर्ण कार्यक्रम शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ और कांग्रेस ने भविष्य में भी किसानों के मुद्दों को लेकर आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[join_button]
WhatsApp