जनजातीय बाहुल्य ग्राम बांका में 18 नबम्बर को होगी भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा स्थापित
1 min read


⚡कल मध्यप्रदेश के महामहिम राज्यपाल और केन्द्रीय जनजातीय कार्य राज्य मंत्री करेंगे प्रतिमा का अनावरण
⚡मानस पाठ व हवन पूजन सहित विशाल भंडारा प्रसाद का होगा आयोजन
⚡डीआरआई के अध्यक्ष और संगठन सचिव ने ग्राम बांका में तैयारियों का लिया जायजा
चित्रकूट- मझगवां- जनजातीय गौरव वर्ष के अंतर्गत भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती अवसर पर दीनदयाल शोध संस्थान द्वारा ‘जनजातीय गौरव पखवाड़ा’ के अन्तर्गत विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। यह आयोजन जनजातीय गौरव वर्ष के अंतर्गत भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती को समर्पित है।
इसके अन्तर्गत बड़ा आयोजन बिरसा मुंडा शोध समिति ग्राम बांका के सहयोग से 18 नबम्बर को सतना जिले के मझगवां जनपद के जनजातीय बाहुल्य ग्राम बांका में सम्पन्न होगा, जहाँ भगवान बिरसा मुंडा की विशाल प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम आयोजित होगा। प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के राज्यपाल श्री मंगूभाई पटेल एवं भारत सरकार के जनजातीय कार्य राज्य मंत्री श्री दुर्गादास उइके, दीनदयाल शोध संस्थान के अध्यक्ष डाॅ पूर्णेन्दु सक्सेना प्रमुख रूप से उपस्थित रहेंगे।

दीनदयाल शोध संस्थान द्वारा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम हेतु जगह जगह बैठक का आयोजन राष्ट्रीय संगठन सचिव श्री अभय महाजन की उपस्थिति में किया गया है। श्री महाजन ने कहा कि प्रतिमा अनावरण का कार्यक्रम जन भागीदारी से किया जा रहा है, यह कार्यक्रम सामूहिक प्रयत्न का परिणाम है सभी इसमें सहभागी बन रहे हैं। समाज के सभी वर्गों के सहयोग से भगवान् बिरसा मुंडा जी की प्रतिमा अनावरण का गौरवपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन सम्पन्न किया जाएगा। ताकि जनजातीय क्षेत्र में बेहतरी का वातावरण बनें। वे सभी समाज की मुख्य धारा से जुड़ें, सभी उनके प्रति सभी श्रद्धा का भाव रखें। जनता की सहभागिता एवं उनके सहयोग से ही इस कार्यक्रम को स्थायी व अविस्मरणीय बनाया जा सकता है।

दीनदयाल शोध संस्थान के कार्यकर्ता और सहयोगी कार्यकर्ता चित्रकूट एवं मझगवां क्षेत्र के सभी विद्यालयों तक पहुँचे हैं और वहाँ पूर्व योजनानुसार बिरसा मुंडा जी के जीवन दर्शन पर बौद्धिक कार्यक्रमों का आयोजन सम्पन्न किया गया। आयोजन को भव्य और गरिमापूर्ण बनाने के लिए दीनदयाल शोध संस्थान द्वारा ग्रामीण केन्द्रों पर लोगों से बातचीत और बैठकों का सिलसिला निरंतर जारी है।

इसके अलावा प्रत्येक घर में संपर्क कर कैलेंडर एवं भगवान बिरसा मुंडा जी के जीवन चरित्र की पुस्तिका का वितरण के साथ प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम ग्राम बांका में आने के लिए आमंत्रण दिया जा रहा है। चित्रकूट, मझगवां, बिरसिंहपुर, बरौंधा और जैतवारा, कोठी मंडलों में सघन संपर्क किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त अन्य क्षेत्रों में भी गणमान्यजनों एवं ग्रामीणों से संपर्क करके कार्यक्रम में सहभागिता हेतु आमंत्रित किया जा रहा है। लगभग 25 हजार परिवारों तक आमंत्रण के साथ साहित्य पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है।
प्रतिमा अनावरण के एक दिन पूर्व ग्राम बांका में सोमवार प्रातः 7 बजे से श्री रामचरितमानस पाठ का शुभारंभ हो चुका है, जिसकी पूर्णाहुति मंगलवार को प्रातः हवन पूजन के साथ होगी। प्रतिमा अनावरण के अवसर पर बिरसा मुंडा जी और जनजातीय प्रदर्शनी, पूज्य साधू सन्तों के दर्शन एवं आशीर्वाद तथा ग्रामीण क्षेत्र की विरासत एवं परम्परा पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों सहित पोषक अनाजों की उपयोगिता पर प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया है।
ग्राम बांका में प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में राज्यपाल के आगमन को लेकर चल रही तैयारियों का दीनदयाल शोध संस्थान के अध्यक्ष डॉ पुर्णेन्दु सक्सेना और संगठन सचिव अभय महाजन ने बांका पहु़ंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया, इस दौरान पुलिस महकमा द्वारा भी फुल ड्रेस रिहर्सल हुई। जिसमें एसडीओपी राजेश बंजारे व धारकुंडी थाना प्रभारी उप निरीक्षक शैलेंद्र पटेल सहित अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे। 18 नबम्बर को प्रातः 10 बजे से कार्यक्रम की शुरुआत होगी, कार्यक्रम उपरांत सहभोज का भी आयोजन रहेगा, जिसमें क्षेत्र के सभी ग्रामवासियों सहित आसपास के स्थानों से भी लोगों को आमंत्रित किया गया है।

Subscribe to my channel