November 27, 2026

Udghosh Samay News

खबर जहां हम वहां

ग्रामोदय विश्वविद्यालय में संविधान गौरव दिवस मनाया गयासंविधान हमारे देश की आत्मा और हम सबकी आवाज है : सांसद गणेश सिंह

1 min read
Spread the love

चित्रकूट- 27 नवंबर 2026 महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय के वाल्मीकि सभागार में शुक्रवार को संविधान गौरव दिवस कार्यक्रम गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सतना लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री गणेश सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय संविधान हमारे देश की आत्मा है और यह हम सबकी आवाज है। संविधान के गौरव को ऊंचा बनाए रखना प्रत्येक देशवासी का कर्तव्य है।

श्री सिंह ने कहा कि भारतीय संविधान ने देश में व्याप्त छुआछूत, असमानता और सामाजिक भेदभाव जैसी अनेक बुराइयों को समाप्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। भारत की आजादी के लिए लंबा संघर्ष और संग्राम हुआ। देश की प्राचीन परंपराओं, सांस्कृतिक विरासत और सनातन मूल्यों को आत्मसात करते हुए भारत निरंतर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने भारतीय संविधान की प्रारूप समिति के अध्यक्ष डॉ. भीमराव आंबेडकर के योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि संविधान हमें अधिकारों के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक के कर्तव्यों का भी बोध कराता है। भारतीय संविधान हमारी जीवन पद्धति का आधार है और इसमें भारतीय सांस्कृतिक एवं ज्ञान परंपरा की गहरी झलक दिखाई देती है।


सांसद श्री सिंह ने संविधान के गौरव को अक्षुण्ण बनाए रखने का आह्वान करते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संविधान की भावना के अनुरूप किए जा रहे कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने संविधान के माध्यम से भारत के बढ़ते गौरव के अनेक उदाहरण प्रस्तुत किए। उन्होंने कहा कि संविधान दिवस आत्ममंथन का अवसर है। संविधान के आदर्शों और प्रावधानों के अनुरूप कार्य करना हम सभी का दायित्व और कर्तव्य है। अपने संबोधन में उन्होंने आजादी के बाद हुए संवैधानिक संशोधनों तथा वर्ष 2014 के बाद हुए संशोधनों का भी उल्लेख किया। साथ ही भारतीय ज्ञान परंपरा के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. आञ्जनेय पांडेय ने संविधान निर्माण में प्रारूप समिति के अध्यक्ष डॉ. भीमराव आंबेडकर के ऐतिहासिक योगदान का उल्लेख किया। उन्होंने संविधान के मूल्यों, आदर्शों और लोकतांत्रिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में प्रत्येक नागरिक की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
इस अवसर पर ग्रामोदय विश्वविद्यालय की ओर सांसद श्री सिंह का शाल श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत और अभिनंदन किया गया।

पर्यावरण एवं विज्ञान संकाय के अधिष्ठाता प्रो. एस.के. चतुर्वेदी ने स्वागत भाषण देते हुए कार्यक्रम की विषय-वस्तु पर प्रकाश डाला और संविधान गौरव दिवस की प्रासंगिकता को रेखांकित किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सांसद श्री गणेश सिंह द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ हुआ। इसके पश्चात उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी तथा ग्रामोदय विश्वविद्यालय के संस्थापक कुलाधिपति भारतरत्न राष्ट्रऋषि नानाजी देशमुख की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

कार्यक्रम का संचालन प्रो. ललित कुमार सिंह ने किया तथा कृषि संकाय के अधिष्ठाता प्रो. एच.एस. कुशवाहा ने आभार प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती साधना पटेल, विश्वविद्यालय के प्राध्यापकगण, अधिकारी, कर्मचारी, स्थानीय प्रबुद्धजन तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

About The Author

आज की ताजा खबरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[join_button]
WhatsApp