Recent Posts

November 22, 2026

Udghosh Samay News

खबर जहां हम वहां

सोशल मीडिया पर दोस्ती बनी लूट की साजिश! हनी ट्रैप में फंसाकर चाकू की नोक पर युवक से ₹60 हजार और सोने की अंगूठी लूटी, युवती समेत 6 गिरफ्तार!

1 min read
Spread the love

जांजगीर-चांपा। सोशल मीडिया पर अनजान युवती से दोस्ती करना एक युवक को भारी पड़ गया। स्नैपचैट के जरिए दोस्ती कर युवक को मिलने के बहाने चांपा बुलाया गया, जहां पहले से तैयार गिरोह ने चाकू की नोक पर उसके साथ मारपीट कर ₹60 हजार नगद और सोने की अंगूठी लूट ली। मामले में जांजगीर-चांपा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवती सहित कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह मामला थाना सिटी कोतवाली जांजगीर क्षेत्र का है। पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क के मार्गदर्शन तथा CSP कोतवाली योगिताबाली खापर्डे के नेतृत्व में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कथित लूट गिरोह का पर्दाफाश किया।

स्नैपचैट पर दोस्ती, मिलने के बहाने बुलाकर वारदात:

मामले के अनुसार, जिला रायगढ़ निवासी प्रार्थी मनीष वर्मा की स्नैपचैट के माध्यम से एक युवती से पहचान हुई थी। दोनों के बीच बातचीत होने लगी। इसी दौरान युवती लगातार युवक को मिलने के लिए चांपा बुला रही थी। दिनांक 4 नवंबर 2026 को मनीष अपने एक मित्र के साथ कार से चांपा पहुंचा। युवती के कहने पर उसने अपने मित्र को मड़वा प्लांट के मुख्य द्वार पर छोड़ दिया और स्वयं युवती के साथ आगे चला गया।

इसी दौरान रात्रि करीब 12:20 बजे मड़वा प्लांट के पास छह युवक कार के पास पहुंचे। आरोपियों ने चाकू दिखाकर युवक को कार से बाहर निकाला और हाथ-मुक्कों तथा बेल्ट से बेरहमी से मारपीट की। इसके बाद जान से मारने की धमकी देते हुए ₹60 हजार नगद और युवक की पहनी हुई सोने की अंगूठी लूटकर फरार हो गए। पुलिस जांच में युवती की भी आरोपियों के साथ मिलीभगत सामने आई।

युवती समेत 6 आरोपी गिरफ्तार:

घटना की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली जांजगीर में अपराध क्रमांक 917/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 308(2), 111(1) एवं 3(5) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की पतासाजी कर एक युवती सहित कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम इस प्रकार हैं—

  1. अमित (21 वर्ष), निवासी पुरानी बस्ती वार्ड क्रमांक 12, जांजगीर।
  2. रवि झलरिया (24 वर्ष), निवासी हसदेव विहार कॉलोनी, जांजगीर।
  3. किशन कर्ष (21 वर्ष), निवासी ग्राम महुदा, थाना चांपा, हाल खडफड़ी पारा वार्ड क्रमांक 21, जांजगीर।
  4. कुनाल पाण्डेय (20 वर्ष), निवासी लिंक रोड शंकर विहार कॉलोनी, जांजगीर, हाल भोजपुर मिशन हॉस्पिटल, थाना चांपा।
  5. मुकेश कश्यप उर्फ छोटू (19 वर्ष), निवासी जोबी (जर्वे च), थाना जांजगीर।
  6. एक युवती, निवासी जिला रायगढ़ क्षेत्र।

₹30 हजार नगद, मोबाइल और दो मोटरसाइकिल जब्त:

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लूटी गई रकम में से ₹30 हजार नगद, घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन तथा वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिल जब्त की हैं। शेष लूटी गई रकम और सोने की अंगूठी के संबंध में पुलिस की ओर से जारी विज्ञप्ति में अलग से बरामदगी का उल्लेख नहीं किया गया है। फिलहाल आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस की आम नागरिकों से अपील:

जांजगीर-चांपा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर अनजान व्यक्तियों से दोस्ती और बातचीत करते समय सतर्क रहें। बिना पहचान और पर्याप्त जानकारी की पुष्टि किए किसी अनजान व्यक्ति से मिलने न जाएं। विशेषकर सुनसान एवं एकांत स्थानों पर जाने से बचें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या धोखाधड़ी की आशंका होने पर तत्काल नजदीकी थाना अथवा पुलिस को सूचना दें।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[join_button]
WhatsApp