भगवान बिरसा मुंडा चौक पर मूर्ति तक नहीं, उपेक्षा पर आदिवासी नेताओं ने जताई नाराजगी
1 min read

जनजातीय गौरव दिवस के भव्य आयोजन की तैयारियों के बीच उठा सवाल, महेंद्र सिदार और दिनेश्वर राठिया ने नगर पंचायत प्रशासन व भाजपा सरकार को घेरा

धरमजयगढ़। जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर बड़े आयोजन की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। मुख्यमंत्री, राष्ट्रीय नेताओं और प्रदेश के दिग्गज नेताओं के आगमन को लेकर धरमजयगढ़ में व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। लेकिन इन तैयारियों के बीच पीपरमार स्थित भगवान बिरसा मुंडा चौक की बदहाली और उपेक्षा को लेकर आदिवासी नेताओं ने नाराजगी जाहिर करते हुए शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

आदिवासी नेता महेंद्र सिदार और दिनेश्वर राठिया ने आरोप लगाया कि विडंबना देखिए कि जिन भगवान बिरसा मुंडा के नाम पर जनजातीय गौरव दिवस मनाया जा रहा है, उन्हीं के नाम पर स्थापित चौक की स्थिति बेहद उपेक्षित है। चौक पर भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा तक स्थापित नहीं है और न ही आयोजन से पहले वहां साफ-सफाई की कोई समुचित व्यवस्था की गई है। उन्होंने नगर पंचायत प्रशासन और भाजपा सरकार को आड़े हाथों लेते हुए इसे आदिवासी समाज की भावनाओं के साथ छल बताया।

दोनों नेताओं का कहना है कि आदिवासी समाज वर्षों से भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर इस चौक की साफ-सफाई और पूजा-अर्चना स्वयं करता आ रहा है, जबकि शासन-प्रशासन की ओर से कभी इस स्थल की सुध लेने की गंभीर पहल नहीं की गई। उनका आरोप है कि अब जब 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के बहाने बड़ा राजनीतिक और सरकारी आयोजन होने जा रहा है, तब आदिवासी समाज को साधने की कोशिश की जा रही है, लेकिन धरातल पर भगवान बिरसा मुंडा के सम्मान से जुड़ी बुनियादी व्यवस्था तक नजर नहीं आ रही।
महेंद्र सिदार और दिनेश्वर राठिया ने यह भी नाराजगी जताई कि इतने बड़े आयोजन की रूपरेखा तैयार करने से पहले स्थानीय आदिवासी नेताओं और समाज के प्रतिनिधियों से न तो कोई चर्चा की गई और न ही उनकी राय या अभिमत जानने की जरूरत समझी गई। उन्होंने सवाल उठाया कि जब आयोजन भगवान बिरसा मुंडा के जन्मदिवस और आदिवासी गौरव के सम्मान में किया जा रहा है, तो फिर स्थानीय आदिवासी समाज की भावनाओं और परंपराओं को निर्णय प्रक्रिया से दूर क्यों रखा गया?
दोनों नेताओं ने एक और महत्वपूर्ण चिंता जाहिर करते हुए कहा कि 15 नवंबर को बड़े नेताओं के स्वागत और कार्यक्रम की व्यवस्थाओं के बीच आदिवासी समाज भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर अपने आराध्य जननायक की पूजा-अर्चना और जन्मदिवस का पारंपरिक आयोजन आखिर कब और कैसे करेगा? उनके मुताबिक, आयोजन की भव्यता तभी सार्थक होगी, जब भगवान बिरसा मुंडा के सम्मान से जुड़े स्थलों की भी गरिमा और व्यवस्था का ध्यान रखा जाए।
आदिवासी नेताओं की इस नाराजगी ने जनजातीय गौरव दिवस की तैयारियों के बीच एक अहम मुद्दा खड़ा कर दिया है। अब देखना होगा कि 15 नवंबर के भव्य आयोजन से पहले नगर पंचायत प्रशासन पीपरमार स्थित भगवान बिरसा मुंडा चौक की सुध लेता है या फिर जनजातीय गौरव और सम्मान की बातें आयोजन के मंच तक ही सीमित रह जाती हैं।

Subscribe to my channel