शादी का झांसा देकर नाबालिग से अनाचार, आरोपी भुवन साहू गिरफ्तार!
1 min read
जांजगीर-चांपा। नाबालिग बालिकाओं से संबंधित अपराधों पर सख्त कार्रवाई के तहत जांजगीर-चांपा पुलिस ने शादी का झांसा देकर नाबालिग बालिका के साथ अनाचार करने के मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया है। थाना सिटी कोतवाली जांजगीर पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 19 अक्टूबर 2026 को एक नाबालिग बालिका को अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने की सूचना पर थाना सिटी कोतवाली जांजगीर में अपराध क्रमांक 862/2026, धारा 137(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अपहृत बालिका की लगातार पतासाजी की और उसे सकुशल बरामद कर लिया। विवेचना के दौरान आरोपी भुवन साहू, निवासी वार्ड क्रमांक 06 खोरसी, थाना शिवरीनारायण द्वारा बालिका को शादी का झांसा देकर अनाचार किए जाने का मामला सामने आया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में की गई। पुलिस की इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक बेलसज्जर लकड़ा, एएसआई अरुण सिंह, मुकेश पाण्डेय, प्रधान आरक्षक अनिल सिंह एवं आरक्षक दिलीप सिंह का सराहनीय योगदान रहा।
जांजगीर-चांपा पुलिस ने नाबालिगों से जुड़े अपराधों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कानून के तहत सख्त कदम उठाने की प्रतिबद्धता दोहराई है।
Subscribe to my channel