मजदूरों के बीच पहुंचे जिला पंचायत CEO विनय पोयाम, खुद मोबाइल ऐप से दर्ज की हाजिरी! रसेड़ा में नवीन तालाब निर्माण और अर्जुनी में बालिका शौचालय का किया निरीक्षण, श्रमिकों की उपस्थिति व्यवस्था का लिया जायजा!
1 min read
जांजगीर-चांपा, 27 अक्टूबर 2026। विकसित भारत–जी राम जी के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन और विकास कार्यों की निगरानी सुनिश्चित करने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) श्री विनय कुमार पोयाम ने अकलतरा जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत रसेड़ा और अर्जुनी का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने रसेड़ा में नवीन तालाब निर्माण कार्य तथा अर्जुनी में निर्माणाधीन बालिका शौचालय का निरीक्षण किया। खास बात यह रही कि उन्होंने कार्यस्थल पर पहुंचकर एनएमएमएस (नेशनल मोबाइल मॉनिटरिंग सिस्टम) ऐप के माध्यम से स्वयं श्रमिकों की हाजिरी दर्ज कराई।

श्रमिकों के बीच पहुंचकर परखी व्यवस्था:
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ ने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और मौके पर मौजूद श्रमिकों की उपस्थिति दर्ज करने की प्रक्रिया देखी। उन्होंने एनएमएमएस ऐप के जरिए हाजिरी दर्ज कर डिजिटल उपस्थिति व्यवस्था का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। इस व्यवस्था से कार्यस्थल पर श्रमिकों की मौजूदगी का रिकॉर्ड रखने और कार्यों की निगरानी में मदद मिलती है।
रसेड़ा में तालाब निर्माण से जल संरक्षण को बढ़ावा:
ग्राम पंचायत रसेड़ा में नवीन तालाब का निर्माण ग्रामीण क्षेत्र में जल संरक्षण और जल संचयन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। तालाब निर्माण पूरा होने के बाद इससे स्थानीय स्तर पर जल उपलब्धता, कृषि संबंधी जरूरतों और ग्रामीण विकास को लाभ मिलने की उम्मीद है। वहीं, निर्माण कार्य से स्थानीय श्रमिकों को रोजगार भी मिल रहा है, जिससे ग्रामीण परिवारों की आजीविका को सहारा मिल रहा है।
अर्जुनी में बालिका शौचालय निर्माण का लिया जायजा:
जिला पंचायत सीईओ ने ग्राम पंचायत अर्जुनी में निर्माणाधीन बालिका शौचालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की स्थिति और प्रगति का जायजा लिया। बालिकाओं के लिए स्वच्छ एवं सुविधाजनक शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किए जा रहे इस निर्माण से स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनाने और बालिकाओं के लिए सुविधाजनक वातावरण तैयार करने में मदद मिलेगी।
अधिकारी-कर्मचारी और ग्रामीण रहे मौजूद:
निरीक्षण के दौरान जनपद पंचायत सीईओ श्री शैलेश भगत, प्रभारी सहायक परियोजना अधिकारी श्री गौरव शुक्ला, पीओ श्री एल.पी. राठौर, संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंच, रोजगार सहायक तथा ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
Subscribe to my channel