October 28, 2026

Udghosh Samay News

खबर जहां हम वहां

जांजगीर में धान खरीदी की तैयारी तेज: 134 केंद्रों पर पुख्ता इंतजाम के निर्देश, अवैध धान रोकने बनेगा चेकपोस्ट!

1 min read
Spread the love

जांजगीर-चांपा, 27 अक्टूबर 2026। आगामी खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान खरीदी की तैयारियों को लेकर कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में समीक्षा बैठक ली। बैठक में जिले के सभी 134 धान उपार्जन केंद्रों पर पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जिले में कुल 102 समितियों के अंतर्गत 134 उपार्जन केंद्र संचालित किए जाएंगे, जिनमें 5 नवीन केंद्र भी शामिल हैं। कलेक्टर ने सभी केंद्रों में शासन की चेकलिस्ट के अनुसार समय पर तैयारी पूरी करने को कहा।

*किसानों को मिलेंगी ये सुविधाएं:*

कलेक्टर ने केंद्रों में साफ-सफाई, फेंसिंग, विद्युत व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे, बारदानों की पर्याप्त उपलब्धता और बायोमेट्रिक उपकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही किसानों के लिए पेयजल, छायादार बैठने की व्यवस्था, शौचालय और प्राथमिक उपचार जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा। पीसीएसएपी पोर्टल पर सटीक जानकारी की प्रविष्टि के भी निर्देश दिए।

*अवैध धान पर लगेगी लगाम:*

अवैध धान के परिवहन को रोकने के लिए जिले की सीमाओं पर चेकपोस्ट स्थापित करने, कोचियों और बिचौलियों पर सतत निगरानी रखने और कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों के बीच व्यापक प्रचार-प्रसार कर *31 अक्टूबर 2026 तक पंजीयन प्रक्रिया पूरी कराई जाए*, ताकि पात्र किसानों को धान विक्रय में किसी तरह की परेशानी न हो।

बैठक में संयुक्त कलेक्टर संदीप ठाकुर, डिप्टी कलेक्टर ऋचा सिंह, खाद्य अधिकारी संदीप पाण्डेय, सीसीबी नोडल अमित साहू, डीएम नान मनोज मिंज सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

*रिपोर्ट – नरेश भार्गव, जिला ब्यूरो चीफ, जांजगीर-चांपा, उदघोष समय न्यूज़*

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[join_button]
WhatsApp