जनगणना 2027: जांजगीर-चांपा में द्वितीय चरण का जिला स्तरीय प्रशिक्षण, डिजिटल प्रक्रिया पर जोर!
1 min read
जांजगीर-चांपा, 26 अक्टूबर 2026। जनगणना 2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों को तेज करते हुए जिले में आज जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण के दौरान संयुक्त कलेक्टर श्री संदीप ठाकुर, सभी सब-डिविजनल मजिस्ट्रेट (एसडीएम), तहसीलदार, नगरीय निकायों के मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ) तथा अन्य संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
इस मौके पर अधिकारियों को जनगणना के द्वितीय चरण की कार्यप्रणाली, डिजिटल माध्यम से आंकड़ों के संकलन एवं प्रविष्टि, सीएमएमएस पोर्टल और मोबाइल ऐप के उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही जनगणना कार्य के प्रभावी संचालन, प्रशासनिक तैयारियों, मानव संसाधन की उपलब्धता और अधिकारियों-कर्मचारियों के दायित्वों पर भी चर्चा हुई। मैदानी स्तर पर बेहतर समन्वय बनाए रखने, निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करने और संभावित समस्याओं के समाधान से जुड़े पहलुओं को भी प्रशिक्षण में शामिल किया गया।
कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने जनगणना को महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य बताते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता और निष्ठा से निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण में दी गई जानकारी और शासन के दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन करते हुए जनगणना संबंधी कार्यों को समयबद्ध, व्यवस्थित और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराया जाए।
यह प्रशिक्षण जिले में जनगणना 2027 के द्वितीय चरण को सुचारू रूप से संचालित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
Subscribe to my channel