अनूपपुर में 24 ईवीएम का हिसाब नहीं मिला, भौतिक सत्यापन में 8 बैलेट और 16 कंट्रोल यूनिट कम
1 min read
पुराने तहसील भवन से ईवीएम हटाने के दौरान सामने आई कमी, शिक्षकों ने शिकायत कर जांच की मांग उठाई ।।।
यशपाल जाट अनुपपुर

अनूपपुर। जिले में पुराने तहसील भवन से इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) को हटाने के दौरान किए गए भौतिक सत्यापन में 24 ईवीएम यूनिट कम मिलने का मामला सामने आया है। सत्यापन के दौरान 8 बैलेट यूनिट (BU) और 16 कंट्रोल यूनिट (CU) निर्धारित संख्या की तुलना में कम पाए जाने की बात सामने आई है।
बताया जा रहा है कि ईवीएम एवं संबंधित निर्वाचन सामग्री को पुराने तहसील भवन से हटाने की प्रक्रिया के दौरान मशीनों का भौतिक मिलान किया गया। इसी दौरान रिकॉर्ड में दर्ज संख्या और मौके पर उपलब्ध मशीनों की संख्या में अंतर पाया गया।
मामले को लेकर कुछ शिक्षकों द्वारा संबंधित अधिकारियों के समक्ष शिकायत दर्ज कराते हुए ईवीएम की उपलब्धता और रिकॉर्ड का मिलान कर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की गई है। 24 यूनिट के कम पाए जाने से निर्वाचन सामग्री के रखरखाव और रिकॉर्ड संधारण को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
हालांकि, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि कम पाई गई ईवीएम यूनिट किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित की गई हैं, किसी प्रक्रिया के तहत अलग रखी गई हैं अथवा रिकॉर्ड में किसी प्रकार की त्रुटि है। मामले की जांच और दस्तावेजों के मिलान के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
निर्वाचन विभाग के रिकॉर्ड, ईवीएम की आवाजाही से संबंधित दस्तावेज और भौतिक सत्यापन रिपोर्ट के आधार पर जांच के बाद ही यह पता चलेगा कि 8 बैलेट यूनिट और 16 कंट्रोल यूनिट आखिर कहां हैं।
फिलहाल मामला जांच के दायरे में है और आधिकारिक जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
Subscribe to my channel