September 16, 2026

Udghosh Samay News

खबर जहां हम वहां

तेजपुर सड़क हादसे में असामयिक निधन, पत्रकारिता जगत में शोक की लहर

1 min read

पत्रकार शेख आलम को नम आँखों से अंतिम विदाई


धरमजयगढ़ – कुछ खबरें ऐसी होती हैं, जिन्हें लिखते समय शब्द भी साथ छोड़ देते हैं। जिस पत्रकार ने वर्षों तक दूसरों की आवाज को समाज तक पहुंचाने का काम किया, मंगलवार शाम तेजपुर के पास हुए सड़क हादसे में वही युवा पत्रकार शेख आलम हमेशा के लिए खामोश हो गए।
सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल शेख आलम को स्थानीय ग्रामीणों की सूचना के बाद धरमजयगढ़ सिविल अस्पताल लाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। इसके बाद उन्हें बेहतर उपचार के लिए रायगढ़ रेफर किया गया, लेकिन जानकारी के अनुसार अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी साँसे थम चुकी थीं । रायगढ़ अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
शेख आलम का यूं अचानक चले जाना केवल उनके परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि धरमजयगढ़ की पत्रकारिता और पूरे स्थानीय समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति है। एक पत्रकार के रूप में उन्होंने क्षेत्र की घटनाओं, समस्याओं और आम लोगों की आवाज को सामने लाने का निरंतर प्रयास किया। खबरों के पीछे दौड़ने वाला यह युवा अब खुद एक ऐसी खबर बन गया, जिसे लिखना हर पत्रकार के लिए बेहद पीड़ादायक है।
उनके निधन की खबर सामने आते ही पत्रकार साथियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों में शोक की लहर दौड़ गई। हर किसी की जुबान पर शेख आलम की यादें और उनके साथ बिताए पल हैं।
इस दुःखद घटना ने एक बार फिर यह एहसास कराया है कि पत्रकार केवल खबर नहीं लिखता, बल्कि समाज की आवाज बनकर हर परिस्थिति में लोगों के बीच खड़ा रहता है। शेख आलम भी इसी जिम्मेदारी को निभाते हुए असमय हमसे विदा हो गए।
आज धरमजयगढ़ की पत्रकारिता जगत अपने एक साथी को खोकर स्तब्ध है। कलम थम गई है, लेकिन उनकी यादें और उनके द्वारा उठाई गई जनसरोकार की आवाज लंबे समय तक लोगों के बीच जीवित रहेगी।
विनम्र श्रद्धांजलि
ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति दें। 🙏

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[join_button]
WhatsApp