November 26, 2026

Udghosh Samay News

खबर जहां हम वहां

बस रोककर कंडक्टर से मारपीट और ₹450 की लूट, शिवरीनारायण पुलिस ने आरोपी व नाबालिग को चंद मिनटों में पकड़ा!

1 min read
Spread the love


जांजगीर-चांपा। बस रोककर कंडक्टर से गाली-गलौज, मारपीट और नगदी रकम लूटने के मामले में शिवरीनारायण पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी और विधि के विरुद्ध संघर्षरत बालक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की ₹450 नगदी रकम तथा घटना में प्रयुक्त स्टील का चूड़ा बरामद किया है। दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।


पुलिस के अनुसार, प्रार्थी रामकिशन साहू, उम्र 31 वर्ष, निवासी कसडोल, साहू बस क्रमांक CG 08 M 7555 में पिछले करीब 12 वर्षों से कंडक्टर का काम कर रहा है। 25 नवंबर 2026 को वह बस के साथ रायपुर से लवन, ससहा और भुईगांव होते हुए शिवरीनारायण की ओर आ रहा था। शाम करीब 6:15 बजे देवरी मोड़ के पास दो व्यक्तियों ने बस को रुकवाकर उसमें चढ़ गए।

कंडक्टर द्वारा यात्रियों से पूछे जाने पर कि उन्हें कहां जाना है, दोनों ने खरौद जाने की बात कही। कंडक्टर ने बस शिवरीनारायण जाने की जानकारी देते हुए खरौद नहीं जाने की बात कही, जिसके बाद दोनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट करने लगे। आरोप है कि एक आरोपी ने हाथ-मुक्कों से तथा दूसरे ने हाथ में पहने स्टील के चूड़े से कंडक्टर के चेहरे पर वार किया। इस दौरान कंडक्टर के पास यात्रियों से किराए के रूप में एकत्रित ₹450 की रकम भी लूट ली गई।


मारपीट होते देख बस के हेल्पर ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की। घटना में कंडक्टर के मुंह और होंठ से खून निकलने के साथ पीठ में चोट आई। घटना की रिपोर्ट मिलने पर शिवरीनारायण पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।


पुलिस ने त्वरित विवेचना करते हुए चंद मिनटों में आरोपी स्वप्निल यादव (22 वर्ष), पिता सुधीर यादव, निवासी सुकुलपारा खरौद, थाना शिवरीनारायण तथा एक विधि के विरुद्ध संघर्षरत बालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में घटना में संलिप्तता सामने आने पर आरोपी स्वप्निल के कब्जे से ₹300 तथा बालक के कब्जे से ₹150 नगदी और घटना में प्रयुक्त स्टील का चूड़ा बरामद किया गया।

पुलिस ने दोनों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 353/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 127(2), 309(6) एवं 3(5) के तहत कार्रवाई करते हुए विधिवत गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी एवं विधि के विरुद्ध संघर्षरत बालक को 26 नवंबर 2026 को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।


इस कार्रवाई में थाना प्रभारी शिवरीनारायण उप निरीक्षक के.पी. सिंह, प्रशिक्षु उप निरीक्षक गोपी सिंह, एम. पुष्पा, सहायक उप निरीक्षक संतोष बंजारे, आरक्षक टुकेश्वर डडसेना, रामकुमार, राजेश कौशिक, यशवंत पाटले सहित थाना शिवरीनारायण पुलिस स्टाफ का योगदान रहा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[join_button]
WhatsApp