November 26, 2026

Udghosh Samay News

खबर जहां हम वहां

पंतोरा क्षेत्र की पहाड़ी में लापता महिला का शव बरामद, प्रेम संबंध के विवाद में हत्या की आशंका; संदिग्ध आरोपी अस्पताल में भर्ती!

1 min read
Spread the love


जांजगीर-चांपा। पंतोरा क्षेत्र में लापता महिला की तलाश के दौरान पुलिस एवं ग्रामीणों की संयुक्त सर्चिंग टीम ने तिलसा रवार पहाड़ी से महिला का शव बरामद किया है। मामले की जांच में प्रेम संबंध को लेकर विवाद की बात सामने आई है। पुलिस ने मामले में संदिग्ध आरोपी को चिन्हांकित कर हत्या की धारा 103(1) बीएनएस जोड़ दी है। संदिग्ध आरोपी द्वारा जहर सेवन किए जाने की जानकारी है, जिसके बाद उसे कोरबा अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


पुलिस के अनुसार, ग्राम अंगारखार निवासी 30 वर्षीय महिला दिनांक 22 नवंबर 2026 से लापता थी। 24 नवंबर को महिला के लापता होने की सूचना चौकी पंतोरा पुलिस को मिली, जिसके बाद अपराध क्रमांक 581/26, धारा 140(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर पतासाजी शुरू की गई।


मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बलौदा निरीक्षक मनोहर सिन्हा तथा चौकी प्रभारी पंतोरा पीएसआई अभिलाष कुमार सिन्हा के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार जांच एवं तलाश में जुटी रही।


25 नवंबर को पुलिस और ग्रामीणों की संयुक्त सर्चिंग टीम ने तिलसा रवार पहाड़ी क्षेत्र में तलाश की, जहां लापता महिला का शव बरामद हुआ। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए, शव का पंचनामा तैयार किया तथा पोस्टमार्टम के लिए भेजा।


प्रेम संबंध को लेकर विवाद की बात सामने आई:

विवेचना एवं पूछताछ के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि महिला अपने परिचित व्यक्ति से मिलने ग्राम अंगारखार की पहाड़ी पर गई थी। इसी दौरान गांव का एक अन्य व्यक्ति वहां पहुंचा और प्रेम संबंध को लेकर विवाद होने की बात सामने आई। विवाद के बाद महिला का परिचित व्यक्ति वहां से चला गया। मामले में प्राप्त तथ्यों और परिस्थितियों के आधार पर पुलिस हत्या की आशंका को लेकर जांच आगे बढ़ा रही है।


पुलिस ने प्रकरण में प्राप्त साक्ष्यों एवं तथ्यों के आधार पर धारा 103(1) बीएनएस जोड़ते हुए संदिग्ध आरोपी को चिन्हांकित किया है। संदिग्ध आरोपी द्वारा जहर सेवन किए जाने के बाद उसे उपचार के लिए कोरबा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल वह उपचाराधीन है। उसके स्वस्थ होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


जांजगीर-चांपा पुलिस मामले की गंभीरता से विवेचना कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं एवं साक्ष्यों का बारीकी से परीक्षण किया जा रहा है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[join_button]
WhatsApp