सखी वन स्टॉप सेंटर की तत्परता से महिला का सुरक्षित रेस्क्यू, बंधक बनाकर शोषण करने का आरोपी गिरफ्तार!
1 min read
राजनांदगांव। महिला के साथ कथित अपहरण, बंधक बनाकर रखने, मारपीट, धमकी और जबरन शारीरिक शोषण का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत के अनुसार, रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार करते समय उसे नशीला पदार्थ मिलाकर पेय पिलाया गया, जिसके बाद आरोपी उसे लॉज में ले जाकर करीब 11 दिनों तक बंधक बनाए रखा। इसके बाद अलग-अलग किराये के मकानों में भी उसे कैद कर प्रताड़ित किए जाने का आरोप है। मामले में सखी वन स्टॉप सेंटर की टीम ने संबंधित थाना पुलिस के सहयोग से तत्परता दिखाते हुए महिला का सुरक्षित रेस्क्यू कराया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।



रेलवे स्टेशन पर नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोश करने का आरोप:
पीड़िता के अनुसार, वह अपने पिता से मिलने छत्तीसगढ़ आई थी। वापस लौटने के दौरान ट्रेन लेट होने के कारण वह राजनांदगांव रेलवे स्टेशन पर इंतजार कर रही थी। इसी दौरान आरोपी उमेश वर्मा वहां पहुंचा और कथित तौर पर थम्सअप एवं पानी में नशीला पदार्थ मिलाकर महिला को पिला दिया। विरोध करने पर पुलिस बुलाने की धमकी देकर मारपीट की गई। पेय पीने के बाद महिला बेहोश हो गई और होश आने पर खुद को लॉज के कमरे में बंद पाया।
11 दिन लॉज में बंधक, फिर किराये के मकानों में कैद:
पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी ने उसे करीब 11 दिनों तक लॉज में बंधक बनाकर रखा। इस दौरान चाकू दिखाकर धमकाने, अश्लील हरकतें करने और जबरन शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया गया है। इसके बाद महिला को दीवानटोला स्थित किराये के मकान में ले जाया गया, जहां करीब एक महीने तक रखा गया। फिर नवागांव बजरंगपुर के एक अन्य किराये के मकान में लगभग दो महीने तक बंधक बनाकर रखने की बात शिकायत में सामने आई है।
पिता के घर पहुंचने पर भी पीछा नहीं छोड़ा, जान से मारने की धमकी:
पीड़िता के मुताबिक, किसी तरह वह अपने पिता के घर पहुंची, लेकिन आरोपी वहां भी पहुंच गया और उसे जबरन वापस ले गया। इस दौरान पिता को भी जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। शिकायत के अनुसार, महिला को करीब 15 दिनों तक कमरे में बंद रखा गया, बेरहमी से मारपीट की गई तथा चाकू से उसके बाल काटे गए। आरोपी द्वारा घर से बाहर नहीं निकलने देने, शराब पीने के लिए मजबूर करने और विरोध करने पर मारपीट व हत्या की धमकी देने की बात भी सामने आई है।
पड़ोस की महिला बनी मददगार, सखी टीम ने सुरक्षित बाहर निकाला:
लगातार प्रताड़ना से परेशान पीड़िता ने तीन दिन पहले पड़ोस की एक महिला को अपनी आपबीती बताई। पड़ोसन से सखी केंद्र का संपर्क नंबर मिलने के बाद 20 नवंबर 2026 को पीड़िता ने एक युवक का मोबाइल लेकर सखी टीम को सूचना दी। सूचना मिलते ही सखी वन स्टॉप सेंटर की टीम ने संबंधित थाना पुलिस के सहयोग से तत्काल कार्रवाई की और महिला को सुरक्षित बाहर निकालकर सखी केंद्र में आश्रय दिलाया।
केंद्र प्रशासक के निर्देश पर तत्काल टीम गठित कर संबंधित थाना से संपर्क किया गया। रेस्क्यू के बाद पीड़िता को सुरक्षित एवं अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया गया। उसकी मानसिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए लगातार काउंसलिंग भी की गई। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सखी सेंटर की टीम ने परिजनों से संपर्क किया और पीड़िता के पिता को केंद्र बुलाकर महिला को सुरक्षित उनके सुपुर्द किया।
FIR दर्ज, आरोपी गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा:
पीड़िता की लिखित शिकायत के आधार पर थाना कोतवाली राजनांदगांव में आरोपी उमेश वर्मा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(2)(एम), 115(2) एवं 351(3) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने आरोपी उमेश कुमार वर्मा, पिता अम्मी लाल वर्मा, उम्र 32 वर्ष, निवासी बाजार अतरिया, थाना खैरागढ़, जिला केसीजी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
सखी वन स्टॉप सेंटर की तत्परता, पड़ोस की महिला की संवेदनशीलता और पुलिस के सहयोग से पीड़िता को लंबे समय से कथित प्रताड़ना से सुरक्षित बाहर निकालने में सफलता मिली। यह घटना महिलाओं की सुरक्षा, संकट के समय सहायता तंत्र तक पहुंच और सखी वन स्टॉप सेंटर की भूमिका को महत्वपूर्ण रूप से सामने लाती है।
Subscribe to my channel