November 24, 2026

Udghosh Samay News

खबर जहां हम वहां

अकलतरा: बड़े अमेरी के सबरिया डेरा में पुलिस की दबिश, 95 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त; 3.20 लाख का मशरूका बरामद!

1 min read
Spread the love

जांजगीर-चांपा। जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में 24 नवंबर 2026 की सुबह अकलतरा अनुभाग पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम बड़े अमेरी के नाला किनारे स्थित सबरिया डेरा में दबिश देकर अवैध हाथ भट्टी से निर्मित कच्ची महुआ शराब के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस ने मौके से 95 लीटर अवैध महुआ शराब सहित कुल 3 लाख 20 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।


मुखबिर की सूचना पर संयुक्त टीम ने दी दबिश:


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. युलैण्डन यार्क के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में अवैध शराब एवं जुआ-सट्टा के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है।


इसी अभियान के तहत थाना अकलतरा, थाना मुलमुला एवं पुलिस सहायता केंद्र कोटमी की संयुक्त टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर ग्राम बड़े अमेरी के नाला किनारे स्थित सबरिया डेरा में छापेमार कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक, मौके पर चूल्हा बनाकर तीन हांडियों की मदद से हाथ भट्टी में कच्ची महुआ शराब तैयार की जा रही थी। शराब को बिक्री के उद्देश्य से बनाए जाने की बात सामने आई है।


95 लीटर शराब सहित वाहन और उपकरण जब्त:


कार्रवाई के दौरान पुलिस ने छह प्लास्टिक जरीकेन में रखी कुल 95 लीटर कच्ची महुआ शराब, जिसकी कीमत 9,500 रुपये बताई गई है, जब्त की। इसके अलावा दो मोटरसाइकिल (होंडा हॉर्नेट एवं पल्सर N250), एक टुल्लू पंप, तीन एल्युमिनियम की हांडियां और प्लास्टिक पाइप भी जब्त किए गए। जब्त मशरूका की कुल कीमत पुलिस ने 3 लाख 20 हजार रुपये आंकी है।


एक आरोपी गिरफ्तार, दो अन्य की तलाश जारी:


पुलिस ने मामले में बाबूलाल गौड़ (22 वर्ष), पिता धरम गौड़, निवासी बड़े अमेरी कोटमीसोनार, थाना अकलतरा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के कथन में आशीष गौड़ एवं राकेश गौड़ के भी इस गतिविधि में शामिल होने की जानकारी सामने आई है। दोनों की पतासाजी की जा रही है।


आरोपी के विरुद्ध थाना अकलतरा में अपराध क्रमांक 695/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 59(क) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।


इन पुलिसकर्मियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका:


इस कार्रवाई में एसडीओपी अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह, थाना प्रभारी अकलतरा निरीक्षक जय कुमार साहू, थाना प्रभारी मुलमुला निरीक्षक शिवानंद सिंह, प्रशिक्षु उप निरीक्षक व्योमेश लिल्हारे एवं रितेश परमार सहित प्रधान आरक्षक रेमन सिंह, आरक्षक जय नाथ दुगा, महेंद्र राज, शेष नारायण साहू एवं महिला आरक्षक रुक्मणी कंवर की सराहनीय भूमिका रही।


जांजगीर-चांपा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[join_button]
WhatsApp