मितानिन दिवस पर अमरताल में सेवा की मिसाल बनीं मितानिन बहनें, श्रीफल, साड़ी और शॉल भेंटकर किया सम्मानित!
1 min read
जांजगीर-चांपा/अकलतरा। मितानिन कार्यक्रम के गौरवशाली 25 वर्ष पूर्ण होने तथा 23 नवंबर 2026 को मितानिन दिवस के विशेष अवसर पर ग्राम पंचायत अमरताल स्थित लीगल एड क्लीनिक (विधिक सहायता केंद्र) में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं, मातृ एवं शिशु देखभाल तथा सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में निरंतर सेवाएं देने वाली मितानिन बहनों को श्रीफल, साड़ी एवं शॉल भेंटकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत अमरताल की सरपंच श्रीमती नरेशिन मिथिलेश बघेल, पंचायत सचिव राजा भारते, विधिक सहायता केंद्र अमरताल के पीएलवी गजानंद प्रसाद कश्यप एवं नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी, उपसरपंच टीकाराम, रोजगार सहायक जसवंत सिंह सहित पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित रहे। उपस्थित अतिथियों ने मितानिनों के निस्वार्थ सेवा भाव और ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था में उनके महत्वपूर्ण योगदान की सराहना करते हुए उनके कार्यों को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
इस दौरान पीएलवी गजानंद प्रसाद कश्यप ने बताया कि ग्राम पंचायत अमरताल में 16 नवंबर 2026 से 14 जनवरी 2027 तक 60 दिवसीय मेगा ड्राइव अभियान के अंतर्गत विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान के माध्यम से आम नागरिकों को राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।
उन्होंने शिक्षा योजना, स्पृहा योजना, एचडब्ल्यूसी योजना, वीर परिवार सहायता योजना, डॉन योजना, बाल अनुकूल कानूनी सेवाएं, मानसिक एवं बौद्धिक अक्षमता वाले व्यक्तियों के लिए कानूनी सेवाएं, वरिष्ठ नागरिकों के लिए विधिक सहायता, एसिड हमले के पीड़ितों के लिए कानूनी सेवाएं, मानव तस्करी एवं वाणिज्यिक यौन शोषण के पीड़ितों के लिए विधिक सहायता तथा असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए कानूनी सेवा सहित गरीबी उन्मूलन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से संबंधित जानकारी दी।
साथ ही मितानिन बहनों को महिलाओं के कानूनी अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता और विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति ग्रामीण महिलाओं एवं आम नागरिकों को जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली मितानिन बहनों के योगदान को सम्मान देना तथा ग्रामीण स्तर पर स्वास्थ्य जागरूकता के साथ-साथ विधिक जागरूकता को भी बढ़ावा देना रहा।
Subscribe to my channel