जियो कंपनी का सुपरवाइजर बनकर ट्रैक्टर-ट्रॉली किराए पर लेकर बेचने वाला फरार आरोपी दबोचा, ₹9 लाख की धोखाधड़ी का पर्दाफाश!
1 min read
जांजगीर-चांपा। जियो कंपनी का सुपरवाइजर बनकर ट्रैक्टर-ट्रॉली किराए पर लेने और फिर उन्हें बेचकर करीब 9 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले फरार आरोपी को बलौदा पुलिस ने मुखबिर सूचना के आधार पर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी अब्दुल गफूर खान (46), पिता शब्बीर खान, निवासी मचखंडा थाना सीपत, जिला बिलासपुर है। इससे पहले इस मामले में दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है।
ऐसे दिया गया धोखा:
प्रार्थी विमलेश कुमार अहिर (निवासी खिसोरा) ने थाना बलौदा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 24 जुलाई 2026 को सन्नी लाल पाटले और राहुल कुमार खाण्डे उनके घर पहुंचे। उन्होंने खुद को जियो कंपनी का सुपरवाइजर बताते हुए दो ट्रैक्टर-ट्रॉली किराए पर लेने की बात कही और प्रत्येक का किराया 30-30 हजार रुपये देने का झांसा दिया। दोनों ट्रैक्टर व ट्रॉलियां लेकर वे चले गए।
बाद में आरोपियों ने इन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को बिलासपुर जिले के एक व्यक्ति के पास करीब 2 लाख रुपये में बेच दिया और प्राप्त रकम में से 50 हजार रुपये खर्च कर दिए। इस तरह प्रार्थी के साथ लगभग 9 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई।
प्रार्थी की शिकायत पर थाना बलौदा में अपराध क्रमांक 407/2026, धारा 318(4) एवं 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मुखबिर सूचना पर गिरफ्तारी:
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय आईपीएस के निर्देशन में पहले आरोपी सन्नी लाल पाटले (निवासी बम्हनीन, थाना अकलतरा) और राहुल कुमार खाण्डे (निवासी खम्हरिया) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका था।
फरार आरोपी अब्दुल गफूर खान की लगातार तलाश की जा रही थी। मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर जियो कंपनी का सुपरवाइजर बनकर ट्रैक्टर-ट्रॉली किराए पर लेने और उन्हें बेचने की बात स्वीकार की। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
सराहनीय भूमिका निभाने वाले पुलिसकर्मी:
इस सफल कार्रवाई में निरीक्षक मनोहर सिन्हा, सउनि रामदुलार साहू, प्र.आर. गजाधर पाटनवार, आरक्षक रज्जू रात्रे, जयराम बिझवार और नारायण भानू का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
Subscribe to my channel