September 21, 2026

Udghosh Samay News

खबर जहां हम वहां

पीठापानी में हाथी के हमले से 24 वर्षीय युवक की मौत , धरमजयगढ़ वन मंडल में हाथियों का बढ़ा मूवमेंट , फिलहाल 78 हाथी अलग-अलग दलों में विचरणरत

1 min read
Spread the love


धरमजयगढ़ – धरमजयगढ़ वन मंडल क्षेत्र में हाथियों का लगातार बढ़ता मूवमेंट ग्रामीणों के लिए चिंता का कारण बना हुआ है। सोमवार को कापू रेंज के पीठापानी इलाके से हाथी के हमले में 24 वर्षीय ग्रामीण युवक की मौत की दुखद घटना सामने आई है। घटना बीती रात की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटना से संबंधित आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
वन विभाग के अनुसार कापू रेंज अंतर्गत ग्राम पीठापानी निवासी एस्तर तिर्की, पिता बुनाराम तिर्की, उम्र 24 वर्ष की हाथी के हमले में मृत्यु हुई है। विभागीय जानकारी के मुताबिक घटना राजस्व क्षेत्र में हुई। प्रारंभिक जानकारी में बताया गया है कि युवक किसी कार्य से उस क्षेत्र में गया था और इसी दौरान हाथी से अचानक सामना होने पर हाथी ने उस पर हमला कर दिया।


विभागीय रिपोर्ट के मुताबिक बाकारूमा रेंज के कक्ष क्रमांक 99 में विचरण कर रहे करीब 12 हाथियों के दल का मूवमेंट कापू रेंज की ओर हुआ था। इसी दौरान बीती रात पीठापानी क्षेत्र में जनहानि की घटना हुई। घटना के बाद उक्त दल के 9 हाथी वापस बाकारूमा रेंज क्षेत्र की ओर चले गए। वहीं बाकारूमा रेंज के ससकोबा इलाके से करीब 19 हाथियों का एक अन्य दल भी बीती रात कापू रेंज की दिशा में आगे बढ़ा है।

प्रतीकात्मक फोटो


वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार वर्तमान में धरमजयगढ़ वन मंडल के विभिन्न क्षेत्रों में हाथियों के बड़े दलों का लगातार आवागमन बना हुआ है और कुल 78 हाथी अलग-अलग समूहों में विचरण कर रहे हैं। ऐसे में वन विभाग द्वारा हाथी प्रभावित एवं संभावित संवेदनशील क्षेत्रों में ग्रामीणों को सतर्क रहने तथा हाथियों के नजदीक नहीं जाने की सलाह दी जा रही है।
पीठापानी में हुई इस जनहानि के बाद एक बार फिर हाथी-मानव संघर्ष प्रभावित क्षेत्रों में ग्रामीणों की सुरक्षा और हाथियों के मूवमेंट की प्रभावी निगरानी की आवश्यकता सामने आई है। वन विभाग द्वारा घटना की आगे की कार्रवाई के साथ प्रभावित परिवार को नियमानुसार सहायता प्रदान करने की प्रक्रिया भी की जा रही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[join_button]
WhatsApp