जर्जर सड़कों के खिलाफ ग्रामीणों का मोर्चा, अर्जुनी में अनिश्चितकालीन धरना शुरू
1 min read
जांजगीर-चांपा, 18 सितंबर 2026। जिले के अकलतरा क्षेत्र में जर्जर सड़कों की समस्या को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश अब आंदोलन में बदल गया है। सड़क मरम्मत और तत्काल राहत कार्य शुरू कराने की मांग को लेकर शुक्रवार को अर्जुनी-रसेड़ा मोड़ के पास ग्रामीणों ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि NH-49 फोरलेन से जुड़े कई गांवों के पहुंच मार्ग लंबे समय से बदहाल हैं। बरसात के दौरान सड़कों पर जगह-जगह गड्ढे और कीचड़ की स्थिति से आवागमन प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और रोजाना आने-जाने वाले लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।
इन मार्गों की मरम्मत की मांग:
ग्रामीणों ने अर्जुनी-बोहापारा, करूमहू-बुटराभांवर, रसेड़ा-मुरलीडीह-अमोरा सहित अन्य पहुंच मार्गों की तत्काल मरम्मत की मांग उठाई है। इसके अलावा पीपरसत्ती मुक्तिधाम तक जाने वाले मार्ग को भी दुरुस्त कराने की मांग की गई है।
1 सितंबर को सौंपा था ज्ञापन:
ग्रामीणों के अनुसार सड़क सुधार की मांग को लेकर 1 सितंबर 2026 को कलेक्टर के नाम SDM अकलतरा और CEO जनपद पंचायत अकलतरा को ज्ञापन सौंपा गया था। ज्ञापन में 15 दिनों के भीतर सड़क सुधार कार्य शुरू कराने की मांग रखी गई थी। ग्रामीणों का दावा है कि निर्धारित समय बीतने के बावजूद अपेक्षित कार्य शुरू नहीं हुआ, जिसके बाद उन्होंने अनिश्चितकालीन धरने का निर्णय लिया।
मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान:
धरने में ग्रामीणों के साथ जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग और विभिन्न संगठनों के सदस्य भी शामिल हुए हैं। प्रदर्शनकारियों ने सड़क मरम्मत और तत्काल राहत कार्य शुरू होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही है।
ग्रामीणों की मांग है कि प्रशासन संबंधित सड़कों का स्थलीय निरीक्षण कराकर जिम्मेदार विभाग के माध्यम से तत्काल मरम्मत कार्य शुरू कराए, ताकि क्षेत्र के लोगों को जर्जर सड़कों से राहत मिल सके।
Subscribe to my channel