चाकू-बेसबॉल स्टिक से जानलेवा हमला, एक आरोपी गिरफ्तार
1 min read
जांजगीर-चांपा/पामगढ़, 18 सितंबर 2026। पामगढ़ थाना क्षेत्र के चण्डीपारा में पूर्व विवाद को लेकर दो युवकों पर चाकू, बेसबॉल स्टिक और हाथ-मुक्कों से हमला करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार घटना में तीन आरोपी शामिल थे और हमला पूर्व नियोजित तरीके से जान से खत्म करने के आशय से किया गया।

पुलिस के मुताबिक, प्रार्थी कमलेश यादव (33) निवासी चण्डीपारा ने 16 सितंबर को थाना पामगढ़ में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, 15 सितंबर को गाय को मारकर भागने की बात को लेकर हुए विवाद में मारपीट हुई थी, जिसमें कमलेश गवाह था।

अगले दिन 16 सितंबर की रात करीब 8:15 बजे कमलेश अपने दोस्त गोलू उर्फ संजय मिरी के साथ मोटरसाइकिल से पामगढ़ की ओर जा रहा था। यासनी मंजिल, चण्डीपारा मेन रोड के पास आकाश जायसवाल, रितेश जायसवाल और मुक्कु यादव ने कथित तौर पर उनका रास्ता रोककर पूर्व विवाद को लेकर गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, इसी दौरान आकाश जायसवाल ने चाकू से गोलू उर्फ संजय मिरी पर हमला किया। बचाव के दौरान चाकू के वार उसकी पीठ में लगे। वहीं मुक्कु यादव पर बेसबॉल स्टिक से कमलेश के साथ मारपीट करने तथा रितेश जायसवाल पर हाथ-मुक्कों से मारपीट करने का आरोप है।
चाकू लगने से घायल संजय मिरी को गंभीर हालत में उपचार के लिए बिलासपुर रेफर किया गया। वहीं मारपीट में कमलेश के सिर के ऊपर भी चोट आई।
हथियार और खून लगे कपड़े जब्त:
पुलिस ने विवेचना के दौरान घटना में प्रयुक्त चाकू, बेसबॉल स्टिक तथा आरोपी के घटना के समय पहने शर्ट और बनियान को जब्त किया है। पुलिस के अनुसार कपड़ों पर घायल संजय मिरी के खून के निशान पाए गए हैं। जब्त सामग्री को प्रकरण में महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में शामिल किया गया है।
रितेश जायसवाल गिरफ्तार:
पुलिस ने मामले में आरोपी रितेश जायसवाल (25), निवासी चण्डीपारा को 17 सितंबर को अकलतरा से पकड़ा। पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। मामले में शामिल अन्य आरोपियों के संबंध में पुलिस की विवेचना एवं आवश्यक कार्रवाई जारी है।
पामगढ़ थाने में अपराध क्रमांक 389/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 126(2), 296, 351(3), 109(1), 61(2) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत कार्रवाई की है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यूलैण्डन यार्क के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी शिवरीनारायण तोमेश वर्मा के नेतृत्व में थाना पामगढ़ पुलिस द्वारा की गई।
Subscribe to my channel