कलेक्टर-एसपी ने किया आधुनिक आधार सेवा केंद्र का शुभारंभ, अब जिले के नागरिकों को सप्ताह के सातों दिन एक ही स्थान पर मिलेंगी आधार संबंधी सभी सेवाएं
1 min read
जांजगीर-चांपा, 02 सितंबर 2026। कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे एवं पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पांडेय ने नवस्थापित आधुनिक आधार सेवा केंद्र का शुभारंभ किया। इस केंद्र के शुरू होने से जिले के नागरिकों को आधार नामांकन, डेमोग्राफिक अपडेट, बायोमेट्रिक अपडेट सहित विभिन्न आधार सेवाएं एक ही स्थान पर सुविधाजनक तरीके से उपलब्ध होंगी।

शुभारंभ के बाद कलेक्टर और एसपी ने केंद्र का निरीक्षण कर आधुनिक सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस अवसर पर ईडीएम श्री सुनील कुमार साहू, प्रोजेक्ट मैनेजर श्री खुर्शीद आलम, बीएलएस इंटरनेशनल के क्लस्टर मैनेजर एवं ऑपरेशन मैनेजर श्री रमेश लाल नामदेव सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

कलेक्टर श्री महोबे ने कहा कि जिले में कलेक्टोरेट परिसर, तहसीलों, एसडीएम कार्यालयों एवं जनपद पंचायतों में पहले से आधार सेवाएं संचालित हैं। यूआईडीएआई द्वारा समर्पित आधार सेवा केंद्र शुरू होने से विशेषकर ग्रामीण एवं दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले नागरिकों को और अधिक सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि नागरिक यहां डेमोग्राफिक जानकारी के साथ-साथ बायोमेट्रिक जानकारी भी अपडेट करा सकेंगे। आधार में दर्ज जानकारी को समय-समय पर अद्यतन रखना आवश्यक है, जिससे शासकीय योजनाओं और सेवाओं के क्रियान्वयन में तेजी आएगी।
केंद्र में उपलब्ध प्रमुख सेवाएं:
• नया आधार नामांकन (बच्चों एवं वयस्कों के लिए)
• बायोमेट्रिक अपडेट (फिंगरप्रिंट, आईरिस स्कैनिंग एवं फोटो)
• डेमोग्राफिक अपडेट (नाम, पता, मोबाइल नंबर, जन्मतिथि आदि)
• दस्तावेज अपडेट (पहचान एवं पते के प्रमाण)
• बच्चों के लिए निर्धारित आयु के अनुसार अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट
समय एवं पता:
आधार सेवा केंद्र सोमवार से रविवार तक सुबह 9:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक खुला रहेगा। नागरिक सीधे केंद्र पहुंचकर या ऑनलाइन स्लॉट बुक करके सेवा का लाभ ले सकते हैं।
पता: दुकान क्रमांक 18, डी.डी. प्लाजा, एसडीएम कार्यालय के सामने, कचहरी चौक, वार्ड क्रमांक 23, जांजगीर-चांपा, छत्तीसगढ़ 495668।
यह केंद्र आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है, जिससे नागरिकों का समय और संसाधन दोनों बचेंगे।
Subscribe to my channel