बाढ़ प्रभावित चित्रकूट में ग्रामोदय विश्वविद्यालय के NSS स्वयंसेवकों ने चलाया स्वच्छता अभियानकुलगुरु प्रो. आलोक चौबे के निर्देश पर स्वयंसेवकों ने किया श्रमदान, शिक्षकों ने भी की सहभागिता
1 min read

चित्रकूट- 31 अगस्त 2026। चित्रकूट क्षेत्र में मंदाकिनी नदी में आई विकराल बाढ़ के बाद जनजीवन प्रभावित है। बाढ़ का पानी उतरने के बाद मकानों एवं आसपास के क्षेत्रों में जमा मिट्टी, मलबे और अन्य सामग्री को हटाने के लिए शासकीय एवं सामाजिक स्तर पर चलाए जा रहे श्रमदान अभियान में महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के स्वयंसेवकों ने भी सक्रिय सहभागिता की।
विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. आलोक चौबे के निर्देश पर राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर श्रमदान किया तथा स्वच्छता अभियान में सहयोग प्रदान किया। स्वयंसेवकों ने प्रभावित क्षेत्रों में जमा मिट्टी एवं अन्य सामग्री को हटाने में स्थानीय लोगों के साथ मिलकर योगदान दिया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के शिक्षक भी स्वयंसेवकों के साथ श्रमदान अभियान में शामिल हुए। बाढ़ जैसी आपदा के बाद प्रभावित लोगों के साथ खड़े होकर स्वच्छता एवं राहत कार्यों में सहयोग की यह पहल ग्रामोदय विश्वविद्यालय की सामाजिक प्रतिबद्धता एवं सामुदायिक सहभागिता की भावना को प्रदर्शित करती है।
राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने कहा कि संकट की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा होना और उनके आसपास के वातावरण को स्वच्छ बनाने में सहयोग करना सामाजिक दायित्व है। विश्वविद्यालय की ओर से भविष्य में भी आवश्यकता के अनुरूप जनसहयोग एवं सेवा गतिविधियों में सहभागिता की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।

Subscribe to my channel